Mathura: ऑनलाइन गिरिराज शिला बेचने के मामले में भाजयुमो नेता ने दर्ज कराई रिपोर्ट, कड़ी कार्रवाई की मांग
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन पर गिरिराज शिला बेचने का विज्ञापन डाला गया था। इसमें शिला की कीमत और ऑफर भी लिखा हुआ है। इसकी जानकारी होने पर गिरिराज भक्तों में रोष व्याप्त हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के गोवर्धन स्थित गिरिराज पर्वत की शिलाओं को ऑनलाइन बेचे जाने का मामला गर्माया गया है। गिरिराज शिला बेचने के विज्ञापन के मामले में भाजयुमो के जिलामंत्री ने ई-कॉमर्स कंपनी और फर्म संचालक के खिलाफ थाना गोवर्धन में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कंपनी व फर्म संचालक पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
7 फरवरी 2021 को इंडिया मार्ट चेन्नई नाम से बेवसाइट पर गिरिराज शिला बिक्री का विज्ञापन डाला गया था। उस प्रकरण में कंपनी के सीईओ के खिलाफ गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद अब 13 मई 2022 को ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन पर गिरिराज शिला बेचने का विज्ञापन डाला गया था। विज्ञापन में शिला की कीमत और ऑफर भी लिखा हुआ है।
गिरिराज महाराज के भक्तों में रोष
सोशल मीडिया पर वायरल विज्ञापन को देख गिरिराज भक्तों में रोष व्याप्त हो गया। रविवार को भाजयुमो के जिलामंत्री शशांक शर्मा निवासी पत्थरपुरा वृंदावन गोवर्धन थाने पहुंचे। उन्होंने ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन, ई-कॉमर्स फर्म विक्रेता धवल सचदेवा स्टोर फ्रंट और वृंदावन बाजार स्टोर के खिलाफ ब्रजवासियों की धार्मिक आहत करने के आरोप में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ गोवर्धन गौरव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ऑनलाइन गिरिराज शिला बेचने के मामले में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर, सोशल मीडिया पर गिरिराज शिला के विज्ञापन देख वृंदावन के संत-महंत और धर्माचार्यों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।