सपा सांसद के घर हमला: पुलिस ने पकड़े जो युवा छुड़वा लिए...कोई और हो तो बता दें; करणी सेना ने किया 'एक्स'
आगरा में सपा के राज्यसभा सांसद के घर हुए बवाल के बाद राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा एक्स किया गया है। साफ कहा गया कि सभी युवकों को पुलिस गिरफ्त से छुड़वा दिया गया है। कोई और भी फंसा हो तो उनसे संपर्क कर बता दें।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के सदन में राणा सांगा पर दिए गए बयान पर बुधवार को बवाल हो गया। करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता कुबेरपुर से बुलडोजर, गाड़ियों और बाइकों पर सांसद के आवास पर पहुंच गए। पुलिस ने कई जगह रोकने की कोशिश की। लेकिन, वह बैरियर तोड़कर आगे बढ़ते रहे।
संजय प्लेस स्थित एडीए के एचआईजी फ्लैट्स स्थित सुमन के आवास पर पहुंचकर काॅलोनी का गेट तोड़ने की कोशिश की। लाठी, डंडों से लैस हमलावरों ने सांसद आवास पर जमकर पथराव किया। शीशे चकनाचूर कर दिए। कुर्सियां और बाहर खड़ीं सांसद सहित कई नेताओं की छह से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। पुलिस ने लाठियां भांजकर कुछ हमलावरों को हिरासत में ले लिया।
इनको पुलिस ने जमानत के बाद रिहा कर दिया गया। वहीं गुरुवार सुबह राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महीपाल सिंह मकराना ने एक्स किया है। उन्होंने लिखा है कि यदि अब भी किसी की जानकारी में ऐसा कोई युवक है, जो पुलिस गिरफ्त में हो। तो संपर्क कर लें। उसे भी छुड़वा दिया जाएगा।
आगरा में पुलिस के द्वारा पकड़े गए ज्यादातर युवाओ को छुड़वा लिया गया है ।किसी की नजर में कोई और भी युवा जेल में हो तो संपर्क करे ।
— Mahipal Singh Makrana (@mahipalmakrana_) March 27, 2025
सभी एक रहे नेक रहे ।
आप का भाई 🙏🏼#राणा_सांगा_राष्ट्र_का_गौरव