आगरा के बल्केश्वर घाट पर होगा अटल जी की अस्थियों का विसर्जन
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश आगरा लाया जाएगा। बल्केश्वर घाट पर यमुना में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा शामिल होंगे। इसके लिए भाजपा ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
मेयर नवीन जैन ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियां टूंडला पहुंचेंगी। उसके बाद कलश यात्रा आगरा के लिए प्रस्थान करेगी। मार्ग में अस्थि कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। पहला स्वागत आगरा की सीमा पर एत्मादपुर में होगा।
इसके बाद छलेसर पर स्वागत किया जाएगा। यहां शाहदरा, रामबाग, वाटर वर्क्स, अग्रवन, बल्केश्वर में पुष्प वर्षा कर स्वागत होगा। इसके बाद अस्थियां बल्केश्वर में यमुना के घाट पर पहुंचेंगी यहां विधि-विधान के साथ अस्थियों को यमुना में प्रवाहित किया जाएगा।
अस्थि कलश यात्रा में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा शामिल होंगे। वह भी छलेसर से बल्केश्वर घाट तक यात्रा के साथ चलेंगे। भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा महानगर के साथ जिले के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। आम शहरी भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
मेयर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अस्थि विसर्जन 22 अगस्त को होना था। लेकिन किन्हीं कारणों से स्थगित कर दिया गया है। अस्थि कलश 23 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगा। उसी दिन या अगले दिन शहर में कलश यात्रा पहुंचने की उम्मीद है।