ताजनगरी में स्टोर कर पूरे देश में भेजी जा रहीं नशे की दवाइयां, ड्रग माफिया ने किराए पर ले रखे हैं गोदाम
- 11 राज्यों के 50 से ज्यादा जिलों में मिला आगरा गैंग का नेटवर्क
- मानसिक रोगों की दवाइयों के नाम पर जमा किया जाता है 'नशा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में नशे की दवाइयां बड़े पैमाने पर स्टोर की जा रही हैं। यमुना पार और शहर के अन्य बाहरी इलाकों में ड्रग माफिया ने गोदाम किराए पर ले रखे हैं। इनमें मानसिक बीमारियों के उपचार की दवाइयों के नाम पर नशे की ये दवाइयां स्टोर की जाती हैं। यहां से देश के लगभग सभी राज्यों को सप्लाई है। उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल और बिहार में इसका खुलासा हो चुका है।
पिछले दो साल में पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश पुलिस आगरा गैंग के नशे के सौदागरों को पकड़ चुकी है। इससे पहले अन्य जगह पकड़े जाते रहे हैं। मेडिकल स्टोरों के फर्जी बिल पर इन दवाइयों को भेजा जाता है। पंजाब पुलिस ने पांच दिन पहले आगरा से पांच दवा व्यापारियों को उठाया था। तीन को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था, दो को गिरफ्तार कर लिया था।
तब खुलासा हुआ था कि ये लोग मानसिक बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों के बिल पर नशे की दवाइयां ड्रग माफिया के पास भेज रहे थे।आगरा से पहले पंजाब में मथुरा गैंग पकड़ा जा चुका है। उसे बरनाला पुलिस ने पकड़ा था। उससे 44 लाख के नशीले पदार्थ और 1.5 करोड़ रुपये जब्त किए गए थे। आगरा में एक गिरोह पिछले साल ग्वालियर की नार्कोटिक्स टीम ने पकड़ा था। तब नशे की दवाइयों के 80 बोरे बरामद किए गए थे।
पंजाब पुलिस ने किया खुलासा
पंजाब पुलिस ने 11 राज्यों के 50 से अधिक जिलों में फैले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह का नाम आगरा गैंग है। इसमें आगरा के दवा विक्रेता शामिल हैं। ये ही हर महीने 10 से 12 करोड़ रुपये की नशे की दवाइयां सप्लाई कर रहे थे। आठ हफ्तों तक चली इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए 20 आरोपियों से 27,62,137 नशीली गोलियां, कैप्सूल, टीके और सिरप बरामद किए गए। 70,03,800 रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई। शुक्रवार को इस खुलासे की जानकारी दी गई।
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि ‘आगरा गैंग’ के नाम से जाना जाने वाला यह गिरोह भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को देशभर में फैले ड्रग निर्माता, सप्लायर, थोक विक्रेता और परचून केमिस्ट से लेकर पूरे देश के बाजारों में भेजता रहा है। अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में से 16 पंजाब, 2 यूपी के आगरा और एक-एक हरियाणा व दिल्ली से संबंधित हैं। आगरा से पांच दवा व्यापारी हिरासत में लिए गए थे। तीन को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।