Agra: शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, धुएं में दम घुटने से चिकित्सक की मौत, पत्नी और दो बच्चे अस्पताल में भर्ती
बालूगंज में मुरली मनोहर मंदिर के पास अधिवक्ता ग्याप्रसाद दीक्षित का दो मंजिला घर है। शनिवार रात को घर में रखे इनवर्टर में शॉर्टसर्किट होने से आग लग गई, जिससे घर में धुआं फैल गया। उनके बेटे फिजियोथैरेपिस्ट आशीष दीक्षित, उनकी पत्नी प्राची, बेटा अंशू और खुशी की दम घुटने से हालत खराब हो गई। बाद में अस्पताल ले जाने पर आशीष को मृत घोषित कर दिया गया।
विस्तार
आगरा के बालूगंज में मुरली मनोहर मंदिर के पास वरिष्ठ अधिवक्ता गया प्रसाद के घर में शनिवार रात तीन बजे भूतल पर शॉर्ट सर्किट से इनवर्टर में आग लग गई। आग से दो मंजिला घर में धुआं भर गया। भूतल पर कमरे में अधिवक्ता और प्रथम तल पर उनके बेटे प्राकृतिक एवं योगा चिकित्सक आशीष दीक्षित (48), बहू डॉ. प्राची, पौत्री खुशी (17) और पौत्र प्रणय उर्फ अंशु (16) सो रहे थे। पांचों घर में फंस गए।
सूचना पर आई पुलिस और दमकल ने पहले अधिवक्ता को निकाला, इसके बाद में पुलिस प्रथम तल पर गई। चिकित्सक सहित चारों बाथरूम में अचेत अवस्था में मिले। उनको निकालकर एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया जहां आशीष दीक्षित को मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पत्नी, बेटे और बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
अधिवक्ता गया प्रसाद की उम्र 88 साल है। वह दीवानी में सिविल केस देखते हैं। आशीष दीक्षित घर में ही पिता के नाम पर जीपी दीक्षित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय चलाते थे। उनकी पत्नी भी योगा चिकित्सक हैं। अधिवक्ता ने बताया कि भूतल पर बाहर के कमरे में एक तरफ बिजली सर्किट के साथ इनवर्टर और बैटरी लगे हुए थे। उनका कमरा पिछले हिस्से में है, जबकि बेटे आशीष परिवार सहित प्रथम तल पर रहते थे। शनिवार रात को वो कमरे में सो रहे थे। प्रथम तल पर बेटा, बहू, पौत्र और पौत्री थे। रात में शॉर्ट सर्किट से इनवर्टर में आग लगी। इससे घर में धुआं भर गया। परिवार के सदस्य बाहर नहीं आ सके।
रात तकरीबन 3:15 बजे प्राची के मोबाइल से बेटी खुशी ने यूपी 112 पर काल की। घर में आग लगने के बारे में बताया। इस पर पीआरवी पहुंच गई। बाद में दमकल भी आ गई। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग जुट गए। लोगों की मदद से परिवार के सदस्यों की जानकारी लेने के बाद गैराज के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बिजली की लाइन काटी गई। इसके बाद पानी डाला गया।
अंदर के कमरे में मौजूद गया प्रसाद को निकाला। उनकी हालत खराब थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में प्रथम तल पर दमकल और पुलिसकर्मी गए। बाथरूम में डॉ. आशीष, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे अचेत अवस्था में मिले। चारों को बाहर निकालकर एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां आशीष को मृत घोषित कर दिया गया।
धुएं से बचने के लिए गए थे बाथरूम में
घटना की जानकारी पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी विकास कुमार भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष रकाबगंज राकेश कुमार ने बताया कि घर में शॉर्ट-सर्किट के बाद इनवर्टर-बैटरी में आग लग गई। इससे धुआं भर गया था। इस कारण पहली मंजिल पर मौजूद परिवार के सदस्य नीचे नहीं आ सके। वह धुएं से बचने के लिए बाथरूम में घुस गए। मगर, वहां भी धुआं भर गया। वहां भी चारों का दम घुटने लगा। आशीष की मौत हो गई। उनकी पत्नी और बच्चे खतरे से बाहर हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।