डॉक्टर निशा हत्याकांड से सकते में आगरा के चिकित्सक, हत्यारोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग
- कमला नगर की कावेरी कुंज कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे टीवी रिचार्ज करने के बहाने से आए युवक ने दंत रोग चिकित्सक निशा सिंहल (38) की चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी थी।
विस्तार
आगरा के पॉश इलाके कमलानगर में डॉ. निशा सिंहल की हत्या पर शहर के चिकित्सक सकते में हैं। आईएमए के पदाधिकारियों ने कहा है कि जल्द हत्याकांड का जल्द पूरा खुलासा किया जाना चाहिए। हत्या के आरोपी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।
संबंधित खबर- आगरा: महिला चिकित्सक की हत्या कर घर में लूटपाट, मासूम बेटा-बेटी को भी चाकू मारे
आईएमए अध्यक्ष डॉ. आरएम पचौरी ने कहा कि दिनदहाड़े घर में घुसकर चिकित्सक की हत्या से डॉक्टर सकते में हैं। आईएमए के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. राजीव उपाध्याय ने कहा कि बेहद निर्मम रूप से महिला चिकित्सक की हत्या की है। इससे कोई कैसे खुद को सुरक्षित महसूस करेगा।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण तिवारी ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना है। चिकित्सक जान बचाते हैं और उनकी ही बेरहमी से हत्या की। हमारे युवा साथी के सभी हत्यारों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे। चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए सरकार को भी इंतजाम करने चाहिए।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन के सचिव डॉ. मनोज यादव ने कहा कि दुखद घटना है, हमारे एक साथी की घर में घुसकर हत्या की है। पुलिस-प्रशासन से मांग है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करे। चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन को गंभीर होने की जरूरत है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।