सुविधा: आगरा से भोपाल के लिए फिर शुरू होने जा रही हवाई सेवा, सप्ताह में चार दिन होगी उड़ान
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान स्थगित की गई उड़ानें फिर से शुरू हो रही हैं। आगरा से भोपाल के लिए हवाई सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। 10 अक्टूबर से इंडिगो की फ्लाइट शुरू हो जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बंगलुरु और अहमदाबाद के बाद आगरा से भोपाल के लिए भी विमान सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। घरेलू विमानन सेवा इंडिगो की ओर से आगरा-भोपाल फ्लाइट 10 अक्टूबर से शुरू होगी। यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन चलेगी। इसका शेड्यूल इंडिगो ने अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। इससे पहले भी आगरा से भोपाल के लिए फ्लाइट संचालित होती थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के चलते इसे स्थगित करना पड़ा था।
सप्ताह में चार दिन होगी उड़ान
आगरा से भोपाल के लिए 10 अक्टूबर से शुरू होने वाली फ्लाइट सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को होगी। भोपाल से फ्लाइट 11.35 बजे आगरा के लिए उड़ान भरेगी और आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर दोपहर 1.10 बजे आएगी। इसी तरह फ्लाइट दोपहर 1.30 बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से भोपाल के लिए रवाना होगी जो कि एक घंटा 25 मिनट में भोपाल एयरपोर्ट पर दोपहर 2.55 बजे पहुंच जाएगी।
संबंधित खबर- सुविधा: बंगलुरु और अहमदाबाद के बाद अब आगरा-लखनऊ से भी हवाई उड़ान, एक अक्तूबर से मिलेगी फ्लाइट
विमानन कंपनी की ओर से आगरा से भोपाल का किराया सेवर सीट का 2889 रुपये रखा गया है, जबकि फ्लैक्सी प्लस के लिए 3204 रुपये किराया है। आगरा खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक ए. अंसारी ने बताया कि आगरा-भोपाल फ्लाइट के लिए 10 अक्टूबर से शुरू होने का शेड्यूल मिला है।
यहां के लिए भी शुरू होंगी फ्लाइट
एक अक्तूबर से आगरा-लखनऊ फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने उड़ान की बुकिंग शुरू कर दी है। सप्ताह में सभी दिन फ्लाइट होगी, जो दोपहर 3.45 बजे लखनऊ से आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर आएगी। 15 मिनट बाद यह लखनऊ के लिए उड़ान भरेगी। वहीं दो अक्तूबर से आगरा-अहमदाबाद-नागपुर फ्लाइट भी नियमित होगी। सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट रहेगी।