आगरा। सीमेंट कारोबार को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए आगरा सीमेंट होलसेलर्स एसोसिएशन ने शनिवार को तय किया है कि भविष्य में कोई भी थोक व्यापारी रिटेलर को बिना एडवांस चेक के माल की आपूर्ति नहीं करेगा।
विजय नगर में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि उधारी की समय पर वापसी सुनिश्चित करने के लिए एडवांस चेक की व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे न केवल व्यापार में पारदर्शिता आएगी, बल्कि लेनदेन को लेकर होने वाले आपसी विवादों पर भी अंकुश लगेगा। यह व्यवस्था थोक और फुटकर, दोनों ही व्यापारियों के हितों की रक्षा करेगी। सचिव दिलीप अग्रवाल ने एक स्थायी कार्यालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि कार्यालय में दो जिम्मेदार कर्मचारी नियुक्त किए जाएं, जिनका खर्च एसोसिएशन वहन करेगा। वहीं, कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने हर माह नियमित बैठक करने का सुझाव दिया, जिसका 100 सदस्यों ने समर्थन किया। इस दौरान उपाध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, नितिन अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, मयंक गोयल, गोपाल अग्रवाल, रामसेवक गोस्वामी और गिरीश चंद्र गोयल मौजूद रहे। आभार संजय गुप्ता ने जताया।