फिरोजाबाद: पुलिस हिरासत से भागा छेड़छाड़ का आरोपी, साढ़े तीन घंटे बाद मक्के के खेत में दबोचा
फिरोजाबाद में पेशी पर ले जाते समय छेड़छाड़ का आरोपी युवक पुलिस की बाइक से कूदकर भाग गया। इससे महकमे में हड़कंप मच गया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को मक्के के खेत से गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद में एका थाना पुलिस द्वारा पेशी पर ले जाते समय छेड़छाड़ का आरोपी नारखी क्षेत्र के बछगांव के पास से बाइक से कूदकर भाग गया। आरोपी के फरार होने की सूचना जैसे ही अफसरों को मिली। थाना एका, नारखी और जसराना पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को मक्के के खेत से पकड़ लिया गया।
एका थाना थाना क्षेत्र के गांव भदाना निवासी ओमवीर के खिलाफ गांव की 19 वर्षीय युवती ने सोमवार शाम को छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। मंगलवार सुबह एका पुलिस ने आरोपी को गांव भदाना के पास से गिरफ्तार किया। सिपाही राकेश और होमगार्ड अखेलाल बाइक से आरोपी को न्यायालय पेशी पर लेकर जा रहे थे।
बाइक से कूदकर भाग आरोपी
दोपहर करीब तीन बजे बछगांव के पास से आरोपी बाइक से कूदकर भाग गया। पुलिस कस्टडी से छेड़छाड़ का आरोपी भाग जाने की सूचना पर सीओ जसराना विनय कुमार सिंह, नारखी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार और एका थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से आरोपी को करीब साढ़े तीन घंटे बाद मक्का के खेत से पकड़ लिया। एसपी देहात डा. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी को पुलिस पेशी पर लेकर जा रही थी। तभी वह बाइक से कूदकर भागा था। करीब साढ़े तीन घंटे बाद आरोपी को मक्का खेत से पकड़ लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।
पूर्व में भी भागे हैं आरोपी
पुलिस हिरासत से छेड़छाड़ के आरोपी के भागने का जिले में नया मामला नहीं है। न्यायालय में पेशी कराने के बाद आरोपियों को जिला जेल ले जाते समय भी आरोपी न्यायालय परिसर के बाहर से फरार होते रहे हैं। कानपुर से पेशी पर लाया गया एक आरोपी शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से फरार हुआ था। इस घटना को करीब आठ साल हो चुके हैं।