आगरा: मरीज भर्ती नहीं करने पर 20 अस्पतालों पर कार्रवाई, कोविड सेंटर की सूची से किया बाहर
मरीजों के इलाज में लापरवाही, बेड-ऑक्सीजन नहीं है का नोटिस लगाने और ऑक्सीजन सिलिंडर व रेमेडिसिवर इंजेक्शन के लिए परेशान करने पर 20 अस्पतालों को कोविड सेंटर की सूची से बाहर कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में मरीजों को भर्ती नहीं करने, उपचार में लापरवाही और तीमारदारों को अनावश्यक रूप से ऑक्सीजन सिलिंडर और रेमेडिसिवर इंजेक्शन के लिए पिछले पांच दिनों में परेशान करने पर मंगलवार रात जिलाधिकारी ने 20 कोविड अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें कोविड सेंटर की सूची से बाहर कर दिया है। इनमें नए सिरे से चिकित्सा मानकों की जांच के आदेश सीएमओ को दिए हैं।
मंगलवार रात आठ बजे जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर सीएमओ डॉ. रमेश चंद पांडेय, आईएमए के निर्वतमान अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव, डॉ. पंकज नगायच व अन्य आईएमए प्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने आकस्मिक बैठक की। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि पिछले दिनों कोविड मरीजों को भर्ती नहीं करने वाले 20 निजी अस्पतालों के खिलाफ महामारी एक्ट में कार्रवाई की गई है। विस्तृत जांच के बाद इनके पंजीकरण निरस्त किए जाएंगे।
इन अस्पतालों में जो मरीज भर्ती हैं उनके ठीक होने तक अस्पतालों को उपचार करना पड़ेगा। ऐसा नहीं करने पर वह मुकदमा दर्ज कराएंगे। सरकारी अस्पतालों सहित पहले 46 सेंटर थे, अब एक मई से 26 अस्पतालों में ही मरीज भर्ती होंगे। इनमें 2019 बेड हैं। नए कोविड अस्पतालों में बेड क्षमता बढ़ाई गई है। इनमें 1800 से 2000 ऑक्सीजन सिलिंडर नियमित रूप से प्रशासन उपलब्ध कराएगा। जिनमें लिक्विड टैंक हैं उनमें लिक्विड ऑक्सीजन भरी जाएगी।
मरीज भर्ती को कोई नहीं करेगा मना, न नोटिस लगाया जाएगा
डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि अब कोई कोविड अस्पताल मरीज भर्ती नहीं करने के नोटिस चस्पा नहीं करेगा। कोई भी अस्पताल कोविड और नॉन-कोविड मरीज को भर्ती करने और उसके उपचार से मना नहीं करेगा। अगर ऐसा करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कोविड रिजर्व फोर्स तैनात होगा
आईएमए के चिकित्सकों ने डीएम के समक्ष अस्पतालों में सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की बात रखी। डीएम ने अस्पतालों की सुरक्षा के लिए कोविड रिजर्व फोर्स तैनात करने के निर्देश एसएसपी मुनिराज जी को दिए हैं। पुलिसकर्मियों में से ही अस्पतालों की सुरक्षा के लिए विशेष बल तैनात किया जाएगा।
सभी वेंडर का होगा ऑडिट
जिले में ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाले सभी वेंडर का पहली बार ऑडिट होगा। डीएम ने कहा अधिकृत और अवैध वेंडर की पहचान होगी। जो अच्छे लोग हैं उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। अवैध लोगों की जांच के लिए ऑडिट होगा।
300 सिलिंडर का बफर स्टॉक
आपातकालीन परिस्थितियों अस्पतालों में निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए सेंट पीटर्स कॉलेज ग्रांउड में 300 सिलिंडर का बफर स्टॉक बनेगा। यहां से नगर निगम के वाहनों द्वारा सीधे अस्पतालों को ऑक्सीजन सिलिंडर आपूर्ति की जाएगी।