फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   दिवाली के बाद अब निकाय चुनाव से बढ़ी सियासी सरगरमी

दिवाली के बाद अब निकाय चुनाव से बढ़ी सियासी सरगरमी

Sun, 22 Oct 2017 11:22 PM IST
Updated Sun, 22 Oct 2017 11:22 PM IST
विज्ञापन
दिवाली के बाद अब निकाय चुनाव से बढ़ी सियासी सरगरमी
फिरोजाबाद। निकाय चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। दिवाली का त्योहार संपंन होने के बाद राजनीतिक दल निकाय चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा के आम चुनाव के लिए निकाय चुनाव यूपी में सत्ता के सेमीफाइनल की नजर से देखा जा रहा है। इसके चले राजनीतिक दल निकाय चुनाव को लेकर काफी गंभीर हैं और प्रत्याशियों के चयन पर मंथन कर रहे हैं। रविवार को सपा और कांग्रेस की बैठकों में चुनाव की तैयारियों पर मंथन हुआ। बसपा ने सिंबल पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। भाजपा में आवेदन करने वालों की लंबी कतार है।
विज्ञापन


दिवाली का पर्व संपन्न होने के बाद निकाय चुनाव की हलचल तेज हो गई है। रविवार को सपा के जिला कार्यालय पर चुनाव के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सांसद अक्षय यादव मौजूद रहे। प्रत्याशी चयन के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। कमेटी ने सांसद के समक्ष प्रत्याशियों के लिए तीन-तीन लोगों का पैनल रखा। नगर निगम में महापौर के साथ सिरसागंज, टूंडला और शिकोहाबाद नगर पालिकाओं के लिए प्रत्याशियों के नामों के पैनल रखे गए।
विज्ञापन


नगर पंचायत एका, फरिहा और जसराना के लिए उम्मीदवारों के नाम सुझाए गए। सबसे अधिक माथापच्ची नगर निगम के महापौर के चुनाव को लेकर हुई। सपा शासन में शहर को नगर निगम का तोहफा मिला। महापौर की सीट पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित होने से प्रमुख उम्मीदवारों में पार्टी यहां तीन नामों पर प्रमुखता से विचार कर रही है। पैनल में जिन लोगों के नाम शामिल हैं उनमें सपा के पूर्व प्रदेश सचिव राजनरायन गुप्ता मुन्ना की पत्नी सावित्री गुप्ता, पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा की पत्नी मीना वर्मा और सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राज कुमार राठौर की पत्नी मीना राठौर प्रमुख हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा के लिए महापौर की सीट नाक का सवाल बन गई है। भाजपा ने सदर सीट को रिकार्ड मतों से जीता था। इसलिए मेयर की सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। पार्टी में टिकट के दावेदारों की लंबी सूची है। लंबे समय से पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता अरविंद्र बघेल, समाजसेवी डा. एसपी लहरी, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. लक्ष्मी नरायन यादव, पूर्व सभासद श्याम सिंह यादव, मंगल सिंह राठौर, महेश पूरन की परिवार की महिलाओं के साथ मंजूश्री राठौर का नाम दावेदारों में चल रहा है।

भाजपा में तस्वीर पूरी तरह से धुंधली है। दावेदार दिल्ली और लखनऊ के चक्कर लगा रहे हैं। भाजपा में महापौर के प्रत्याशी का चयन केंद्रीय चुनाव समिति करेगी। महापौर के उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह लगाएंगे। महापौर के लिए भाजपा में अभीतक 12 नाम और पार्षद के लिए 100 से अधिक आवेदन आ चुके हैं।

महापौर के चुनाव के लिए बसपा गंभीर दिखाई दे रही है। सपा जहां गैर मुस्लिम चेहरा उतारने पर विचार कर रही है। वहीं बसपा मुस्लिमों में महापौर के लिए मजबूत चेहरा तलाश रही है। अंदरखाने बसपा बड़े धमाके की तैयारी में है। जिले में मुुस्लिम राजनीति के दो बडे़ चेहरों को इस चुनाव के बहाने पार्टी एक मंच पर लाने की तैयारी कर रही है।

सब कुछ ठीक ठाक रहा तो बसपा विधायकी का चुनाव लड़ने वाले नेता के परिवार की महिला को इस चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। इसके बदले में सपा के प्रमुख मुस्लिम नेता को विधायक का चुनाव लड़ाने का अनुबंध किया जा सकता है। दोनों के बीच लंबे समय से सियासी जंग चल रही है और मुस्लिम इन दोनों नेताओं में बंटे हुए हैं।

बसपा एक के लिए महापौर दूसरे के लिए एमएलए का पासा फैंक कर जिले की मुस्लिम राजनीति में बड़े बदलाव का दांव खेलने की रणनीति बना रही है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि ऐसा प्रयास चल रहा है। दोनों मुस्लिम नेता एक होते हैं या नहीं कुछ कहा नहीं जा सकता है। बसपा यह रणनीति इसलिए बना रही है क्योंकि इनमें एक नेता पिछड़ी जाति में आते हैं। दोनों मुस्लिम नेताओं की एका का फार्मूला फेल होने पर बसपा अन्य मुुस्लिम नेताओं के नाम दावेदारों में शामिल किए हुए है।

फिरोजाबाद। निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक रविवार को इस्लामियां इंटर कालेज में हुई। बैठक में मेयर और अध्यक्ष के साथ सभी वार्डों में मजबूत प्रत्याशी उतारने पर मंथन हुआ। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी निकाय चुनावी पूरे दमखम से लड़ेगी।


नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारे जाएंगे। पार्टी द्वारा मेयर पद के लिए भी जल्द प्रत्याशी का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी 25 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed