मथुरा। स्वच्छ शहरों की लिस्ट में काफी पीछे के पायदान में दिखने वाली भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली को अब टॉप टेन में लाने की कसरत की जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत शर्मा स्थानीय अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ स्वच्छता सप्ताह शुरू करने जा रहे हैं। पिछले साल देश के स्वच्छ शहरों की लिस्ट में मथुरा शहर बहुत पीछे था। प्रदेश में भी धार्मिक नगरी की संतोषजनक नहीं थी। इस छवि को बदलने की कोशिश अब नए सिरे से की जा रही है। इसके लिए कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने प्रशासनिक अफसरों के साथ कार्ययोजना तैयार की है। इसमें भाजपा कार्यकर्ता और आमजन के साथ जागरुकता सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लेकर चार से 11 अक्टूबर तक मथुरा-वृंदावन नगर निगम के प्रत्येक क्षेत्र में मंत्री के नेतृत्व में जागरुकता संदेश दिया जाएगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री समर्थकों के साथ साइकिल पर यात्रा करेंगे। इस कार्यक्रम में लोगों को स्वच्छ रहने और इसमें सहयोग की अपील की जाएगी। निगम के अफसर योजनावद्ध तरीके से इसके साथ सफाई अभियान चलाएंगे। इस कार्यक्रम पर विचार के लिए शनिवार को कैबिनेट मंत्री के आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, नगेंद्र सिकरवार, तरुण सेठ, सिद्धार्थ लोधी, प्रदीप गोस्वामी, राजवीर सिंह, मुकेश खंडेलवाल, लक्की कमल, अनिल चौधरी, राजू यादव, सार्थक चतुर्वेदी, हेमंत अग्रवाल, ज्ञानेंद्र राणा, संजय शर्मा, राजीव राज पाठक, चेतनस्वरूप पाराशर, मनोज पचौरी मौजूद रहे।