दुष्कर्म के बाद किशोरी की गला घोंटकर हत्या, गांव के बाहर बाग में पड़ा मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए गई किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। शव निर्वस्त्र हालत में बाग में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फॉरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वॉड ने भी जांच की।
13 वर्षीय किशोरी शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर के पास बाग में शौच के लिए गई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वो घर वापस नहीं पहुंची तो परिजन तलाश में जुट गए। छात्रा जिस ओर शौच के लिए गई थी उस ओर परिजनों ने भाई को भेजा।
खोजबीन में जुटे परिजनों को उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में बाग में पड़ा मिला। किशोरी की चुन्नी उसके गले में बंधी हुई थी। इससे संभावना जताई गई कि हत्या चुन्नी से गला घोंटकर की गई है।
तीन युवक हिरासत में
जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ ही एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ प्रयांक जैन, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। चर्चा है कि एक युवक घटना के बाद से गायब है। पुलिस का शक उस पर भी है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।