फेक न्यूज पर लगाम: अब फर्जी खबर शेयर करने वाले पेज के बारे में फेसबुक करेगा अलर्ट
फेसबुक ने यह भी कहा है कि वह ऐसे फेसबुक पेज पर पेनल्टी लगाने जा रहा है जो लगातार फर्जी पोस्ट और खबर शेयर कर रहे हैं।

विस्तार
फर्जी खबर पर लगाम लगाने के लिए तमाम सोशल मीडिया कंपनियां अपने स्तर पर प्रयास कर रही हैं। समय-समय पर टेक कंपनियां नए-नए टूल पेश करती हैं जो फर्जी खबरों से लड़ने के काम आते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों में कमी नहीं आ रही है। इसी कड़ी में अब फेसबुक ने एक नया अपडेट जारी किया है जो ऐसे फेसबुक पेज के बारे में आपको पहले ही अलर्ट कर देगा जिस पेज पर अक्सर फर्जी खबर शेयर होती है।
फेसबुक ने अपने ब्लॉग में कहा है कि यदि आपने किसी पेज को लाइक किया है या लाइक करने वाले हैं और उस पेज से लगातार फर्जी खबरें शेयर हो रही हैं तो फेसबुक आपको एक पॉपअप नोटिफिकेशन के जरिए इसकी जानकारी देगा। नोटिफिकेशन में repeatedly shared false information लिखा होगा। इसके बाद आपको दो विकल्प मिलेंगे जिनमें go back और follow page anyway शामिल हैं।

नोटिफिकेशन के साथ आपको learn more का भी विकल्प दिखेगा जिस पर क्लिक करके आप पेज और फर्जी खबर के बारे में विस्तार से जान सकेंगे। फेसबुक ने यह भी कहा है कि वह ऐसे फेसबुक पेज पर पेनल्टी लगाने जा रहा है जो लगातार फर्जी पोस्ट और खबर शेयर कर रहे हैं।
पॉपअप नोटिफिकेशन में फैक्ट चेकर आर्टिकल भी दिखेगा। इसके अलावा ऐसे पेज से शेयर होने वाले पोस्ट की रीच को भी फेसबुक कम करेगा और न्यूज फीड में ऐसे पेज को पोस्ट कम ही दिखेंगे। फेक न्यूज से लड़ने के लिए फेसबुक ने कई टूल पेश किए हैं जिनमें मैसेंजर में फॉरवर्ड मैसेज का लेबल, फैक्ट चेक आदि शामिल हैं। फेक न्यूज के कारण ही फेसबुक ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा के लिए बैन कर दिया है।