Elon Musk: एलन मस्क ने इस इंफ्लुएंसर से कहा- मेरे बच्चे की मां बनोगी? मना करने पर बर्बाद कर दिया X अकाउंट
फॉन्ग इस अजीब अनुरोध से हैरान रह गईं, क्योंकि दोनों ने कभी एक-दूसरे से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात तक नहीं की थी। फॉन्ग ने मस्क के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि वो एक “पारंपरिक पारिवारिक ढांचे” में यकीन रखती हैं।

विस्तार
दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क अक्सर विवादों में रहते हैं। आमतौर पर वे अपने उटपटांग फैसलों की वजह से विवाद में रहते हैं लेकिन इस बार विवाद की वजह बच्चा पैदा करने की सनक है। उन्होंने एक महिला इंफ्लुएंसर से कहा था कि वे उनके बच्चे की मां बनें, लेकिन इंफ्लुएंसर ने इससे साफ मना कर दिया जिसके बाद एलन मस्क ने उसके एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को बर्बाद कर दिया।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक एलन मस्क ने क्रिप्टो इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर Tiffany Fong से सीधे तौर पर पूछा था कि क्या वो उनका बच्चा पैदा करना चाहेंगी? Fong ने इस ऑफर को साफ तौर पर मना कर दिया। बता दें कि Tiffany Fong, जो क्रिप्टो दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उनके X पर 3.35 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 48,000 से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। उन्होंने कई विवादास्पद क्रिप्टो हस्तियों जैसे FTX के Sam Bankman-Fried का इंटरव्यू भी लिया है।
एलन मस्क और फॉन् के बीच बातचीत की शुरुआत पिछले साल X पर हुई थी। मस्क अक्सर फॉन्ग की पोस्ट को लाइक और रिप्लाई करते थे। इससे फॉन्ग की पॉपुलैरिटी तेजी से बढ़ी और एक वक्त तो ऐसा भी आया जब उन्होंने दो हफ्तों में X के ऐड रेवेन्यू से $21,000 (लगभग ₹17 लाख) कमा लिए थे।