जिला परिषद बैठक में बस किराया बढ़ोतरी के मुद्दे पर मचा घमासान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला परिषद शिमला की बचत भवन में आयोजित बैठक में बस किराये बढ़ोतरी का मुद्दा छाया रहा। जिप सदस्यों ने बस किराया बढ़ोतरी का कड़ा विरोध किया और इसे जनता पर बोझ बताया। सदस्यों ने न्यूनतम बस किराये को और कम करने तथा लंबी दूरी के किराये में की 20 से 24 फीसदी बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग सरकार से की। बैठक में इसे लेकर प्रस्ताव भी पारित किया। बैठक जिप उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका की अध्यक्षता में हुई।
सदस्यों ने कहा कि बस किराया बढ़ोतरी की सीधी मार आम जनता पर पड़ रही है। जिप सदस्यों ने परिषद और पंचायत समिति को विकास कार्यों के लिए दिए जाने वाले बजट को 42 से बढ़ाकर 45 करोड़ करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। बैठक में 65 प्रस्तावों और मुद्दों में से 27 का मौके पर निपटारा कर दिया। उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका ने बताया शेष प्रस्तावों को पूर्ति के लिए विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
बैठक में 14वें वित्तायोग के तहत पंचायत विकास योजना के तहत 14 पंचायतों की योजनाओं को अब तक स्वीकृत किया है। 62 पंचायतों के प्रस्ताव जिला पंचायत अधिकारी के पास स्वीकृति के लिए पहुंचे हैं। 90 पंचायतों ने प्रस्ताव पंचायत स्तर पर अपलोड करने का कार्य पूरा भी कर दिया है।
अतिरिक्त उपायुक्त देवा श्वेता बनिक ने कहा कि बैठक में अध्यक्ष द्वारा दिए निर्देशों का त्वरित पालन किया जाएगा। बैठक में गैर-हाजिर अधिकारियों के प्रति कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में आने तथा जिला परिषद सदस्यों सदस्यों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक का संचालन जिला पंचायत अधिकारी विजय ब्रागटा ने किया। बैठक परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण भुवन शर्मा के अतिरिक्त समस्त विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नशा माफिया के खिलाफ करें बड़ी कार्रवाई
जिला परिषद की बैठक में मौजूद सदस्य नीलम सरईक और डीआर हास्टा, गिरधारी लाल और अन्य सदस्यों ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से अब तक पकड़े गए नशा तस्करों का चौकी और थानावार ब्यौरा मांगा। फैसला लिया कि थाना स्तर पर बनी नशा निवारण समितियों में जिप और पंचायत समिति सदस्यों को शामिल किया जाए।
आढ़तियों की लूट पर लगे लगाम
जिप सदस्य दलीप कायथ, वीना, विकेश चौहान और अनीता ने सेब आढ़त में बागवानों के साथ हो रही ठगी पर अंकुश लगाने की प्रशासन और सरकार से मांग की। कायथ ने कहा कि आढ़त का हर किसी को लाइसेंस दिया जा रहा है। सेब वजन के बजाय पेटी के हिसाब से रेट तय किया जा रहा है। माल उतारने की आढ़त का जो पांच रुपये रेट तय है, उसे 25 से तीस रुपये वसूला जा रहा है। यही नहीं आढ़ती जो बागवानों को चेक दे रहे हैं जो बैंक में बाउंस हो रहे हैं। बागवानों की हो रही लूट को रोका जाए।
प्रस्तावों पर होगा 33 फीसदी सोलर लाइटों का आवंटन
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के प्रस्तावों पर 33 फीसदी सोलर लाइटें हिम ऊर्जा द्वारा आवंटित किए जाने की मांग को माना गया। इस पर सदस्यों से प्रस्ताव भेजने को कहा है। लोगों को अब उम्मीद है कि गांव में जल्द सोलर लाइटें लगेंगी।
कान दर्द का मामला भी उछला
खनेरी स्थित महात्मा गांधी अस्पताल में कान दर्द की तीन हजार की दवा लिखे जाने के पूर्व में दलीप कायथ द्वारा उठाए मामलें पर अधिकारी ने कहा कि इसकी जांच कर रिपोर्ट निदेशालय को सौंप दी है। सदस्य ने कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाएं डिस्पेंसरी जेनेरिक स्टोर में उपलब्ध करवाएं तथा चिकित्सक बाहर से महंगी दवाएं न लिखे इस पर चैक रखा जाए।
कार्यों की सूची में हो बदलाव
सदस्यों ने बैठक में मांग उठाई कि उन्हें आवंटित की जाने वाली राशि से किए जाने वाले विकास कार्यों की सूची में बदलाव किया जाए। इसमें सिंचाई टैंक, सामुदायिक भवन, पाइप लाइन, चिल्ड्ऱन पार्क, मंदिर फेंसिंग, चबूतरा निर्माण, महिला मंडल और फर्नीचर खरीद आदि को भी जोड़ा जाए। सदस्यों ने मानदेय बढ़ाने का भी आग्रह किया है।