Shimla: यदोपति ठाकुर बोले- पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार ने दिखाया अपना असली रंग
कांग्रेस कमेटी के महासचिव यदोपति ठाकुर ने कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यदोपति ठाकुर ने कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी जैसे राज्यों में चुनाव संपन्न होते ही केंद्र सरकार ने अपनी असली जनविरोधी मानसिकता दिखाते हुए गरीब जनता और छोटे व्यापारियों पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान वोट बटोरने के लिए केंद्र सरकार ने जानबूझकर गैस की कीमतों को स्थिर रखा था, लेकिन जैसे ही चुनावी प्रक्रिया खत्म हुई, केंद्र ने आम जनता को राहत देने के बजाय सिलिंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर दी।
इस फैसले से अब आम आदमी की थाली महंगी होने जा रही है। व्यावसायिक सिलिंडर के दाम बढ़ने से ढाबा संचालकों, रेस्तरां मालिकों और छोटे खाद्य व्यापारियों की कमर टूट गई है, जिसका सीधा असर मध्यम और निम्न आय वर्ग के उन लोगों पर पड़ेगा जो अपनी आजीविका के लिए इन पर निर्भर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि गैस की कीमतों में इस बढ़ोतरी से न केवल खाद्य वस्तुएं महंगी होंगी, बल्कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में भी वृद्धि की आशंका बढ़ गई है। यदोपति ठाकुर ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इन बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए।