Solan News: 25 रुपये प्रति किलो तक गिरे टमाटर के थोक दाम, सब्जी मंडी सोलन में 1700 से 2500 तक बिकी एक क्रेट
टमाटर के दामों में भी गिरावट आई है। इसमें थोक में 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा ए ग्रेड का टमाटर अब घटकर 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
विस्तार
भारी बारिश के कारण टमाटर के दामों में भी गिरावट आई है। इसमें थोक में 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा ए ग्रेड का टमाटर अब घटकर 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। जबकि 100 रुपये किलो बिकने वाला सामान्य टमाटर 75 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। इसका मुख्य कारण बारिश से कालका शिमला नेशनल हाईवे और बाहरी राज्यों की सड़कों में पानी भरना बताया जा रहा है। साथ ही टमाटर भी कच्चा ही मंडियों में पहुंच रहा है। बारिश से टमाटर खराब होना शुरू हो गया है। इससे तैयार टमाटर फटने लग गया है। वहीं सोलन शहर की बात करें तो यहां टमाटर के परचून दाम 100 रुपये पहुंच गए हैं, जो कुछ दिन पहले 140 रुपये थे। जानकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण लंबे समय तक टिकने वाला मशहूर हिम सोना टमाटर भी दिल्ली तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
जहां एनएच की हालत खराब होने से गाड़ियां नहीं जा पा रही हैं, वहीं अधिक बारिश के कारण टमाटर तीन दिन में खराब हो रहा है। इससे पहले सोलन का टमाटर तुड़ाई के बाद एक सप्ताह तक भी आसानी से टिक जाता था। सोलन का टमाटर दिल्ली, राजस्थान, यूपी समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। लेकिन इस बार यह टमाटर सब्जी मंडी से पैकिंग के बाद दिल्ली तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। आधे से ज्यादा टमाटर खराब हो रहा है। हालांकि अभी जिला सोलन के कुछ क्षेत्रों से टमाटर शुरू हुआ है। टमाटर के लिए मशहूर क्षेत्र बसाल, देवठी, धरोट, कंडाघाट समेत जौणाजी क्षेत्र का बहुत कम खेप मंडी तक पहुंची है।
62,000 क्रेट किए जा चुके हैं सप्लाई सब्जी मंडी सोलन से अभी तक टमाटर के 62,000 क्रेट बाहरी राज्यों के लिए सप्लाई किए जा चुऐ हैं। इससे करीब 9.30 करोड़ का कारोबार किया जा चुका है। भारी बारिश के कारण बहुत कम टमाटर मंडी पहुंच रहा है। जहां पिछले वर्ष जुलाई माह में प्रतिदिन 10,000 क्रेट पहुंच रही थी। वहीं इन दिनों एक दिन में करीब 3000 से 3500 क्रेट ही पहुंच रहे हैं।
50 रुपये प्रति किलो गिरे शिमला मिर्च के दामअधिक बारिश से शिमला मिर्च के थोक दामों में एकदम से गिरावट आ गई है। तीन दिन पहले तक 90 रुपये प्रति किलो बिक रही शिमला मिर्च अब 20 से 40 रुपये तक पहुंच गई है। अभी तक बाहरी राज्यों के लिए सोलन से 1324 क्विंटल शिमला मिर्च की सप्लाई भेजी जा चुकी है।
भारी बारिश के चलते सब्जियों की सप्लाई बाहरी राज्यों को समय पर नहीं भेजी जा रही है। इस कारण सब्जियों के दामों में आंशिक गिरावट आई है। वहीं बारिश से सब्जियों को नुकसान भी पहुंचा है। इस कारण इन दिनों मंडी में भी लो क्वालिटी सब्जियां पहुंच रही हैं। टमाटर की लाइफ भी बहुत कम हो गई है। बारिश के कारण हिमसोना टमाटर दिल्ली की मंडी तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। -डॉ. रविंद्र शर्मा, सचिव, सब्जी मंडी सोलन