हिमाचल प्रदेश: विदा हुआ मानसून, इस सीजन में सामान्य से 10 फीसदी कम बरसे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में अब 15 नवंबर तक पोस्ट मानसून सीजन चलेगा। इस दौरान बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दस फीसदी कम बारिश के साथ हिमाचल प्रदेश से शुक्रवार को मानसून विदा हो गया है। इस वर्ष सामान्य से 14 दिन बाद मानसून की विदाई हुई। अब 15 नवंबर तक प्रदेश में पोस्ट मानसून सीजन रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में बारिश होगी। 16 नवंबर से हिमाचल में विंटर सीजन शुरू होगा। प्रदेश में 13 जून को मानसून ने प्रवेश किया था। 8 अक्तूबर तक प्रदेश में 692 मिलीमीटर बारिश हुई। इस अवधि के दौरान 763 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी गई है। इस वर्ष मानसून सीजन में प्रदेश में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। किन्नौर के निगुलसेरी व बड़सेरी, धर्मशाला के मैक्लोडगंज, शिमला के झाकड़ी सहित कुल्लू और सिरमौर जिला में भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं हुई हैं।
476 लोगों की गई जान, 115938 लाख रुपये का नुकसान
मानसून सीजन में प्रदेश में इस बार 476 लोगों की जान गई। 627 लोग घायल हुए। 794 जानवरों और पक्षियों की मौत हुई। 200 पक्के, 900 कच्चे मकान और 756 गोशालाओं के साथ ही 1,15,938 लाख रुपये का प्रदेश में मानसून से नुकसान हुआ। इसमें 68,695 लाख लोक निर्माण विभाग, 34,471 लाख जल शक्ति विभाग, कृषि क्षेत्र को 4565 लाख, बागवानी को 2887 लाख, शहरी विकास विभाग को 1021 लाख , 608 लाख ऊर्जा विभाग और 306 लाख ग्रामीण विकास विभाग को नुकसान हुआ।
वर्ष कुल बारिश (मिमी) बारिश (फीसदी) मानसून विदाई
2020 567 - 27 30 सितंबर
2019 685 - 10 11 अक्तूबर
2018 927 12 1 अक्तूबर
2017 719 - 13 30 सितंबर
2016 624 - 28 5 अक्तूबर
2015 638 - 27 29 सितंबर
2014 523 - 38 5 अक्तूबर
2013 777 - 8 19 सितंबर
2012 702 - 15 26 सितंबर
2011 730 - 9 26 सितंबर
2010 889 11 08 सितंबर
अगस्त में कम, सितंबर में झमाझम बरसे बादल
अगस्त में सामान्य से 44 फीसदी और जून में 16 फीसदी कम बारिश हुई। सितंबर में सामान्य से 34 फीसदी और जुलाई में 6 फीसदी अधिक बादल बरसे। मानसून के दौरान सिर्फ सात दिनों में भारी बारिश दर्ज हुई। 11, 12, 13, 19 और 30 जुलाई को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। 20 अगस्त और 24 सितंबर को बादल झमाझम बरसे।
लाहौल-स्पीति में 69 फीसदी कम बारिश
लाहौल-स्पीति में सबसे कम बारिश हुई। 13 जून से 8 अक्तूबर तक यहां सामान्य से 69 फीसदी कम बारिश हुई। चंबा में सामान्य से 44, हमीरपुर में 3, कांगड़ा में 8, किन्नौर में 6, सिरमौर में 14, सोलन में 11, ऊना में 14 फीसदी कम बादल बरसे। बिलासपुर जिला में सामान्य से 1, कुल्लू में 40, मंडी में 11 और शिमला में 9 फीसदी अधिक बारिश हुई।
11 और 12 को बारिश के आसार
प्रदेश में 11 और 12 अक्तूबर को कई जिलों में बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।