लाहौल-स्पीति जिले के साथ रोहतांग दर्रा अप्रैल में बर्फ से लकदक हो गया है। हिमाचल प्रदेश में जारी बर्फबारी से मनाली-लेह और भरमौर-पठानकोट मार्ग बंद हो गए हैं। चंबा-खज्जियार मार्ग पर भनेरा के पास भूस्खलन की चपेट में आने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए। पर्यटकों के साथ आम लोगों के लिए अटल टनल रोहतांग से आवाजाही बंद हो गई है।
2 of 9
मनाली-लेह मार्ग पर बर्फबारी के बाद बारालाचा में फंसे ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
टनल से आपाताकालीन सेवा ही जारी रहेगी। शिमला और धर्मशाला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुधवार को भी झमाझम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के छह मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में वीरवार को भी अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
पूरे प्रदेश में 24 अप्रैल तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 25 अप्रैल से धूप खिलने से आसार हैं। शिमला में बुधवार को दिन भर रूक-रूककर बारिश और ओलावृष्टि होती रही। चंबा जिले में हल्की बर्फबारी और मूसलाधार बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। भरमौर-पठानकोट एनएच सहित जिले में दर्जन भर सड़कों पर यातायात ठप है।
भरमौर के मणिमहेश, भरमाणी, कुगति सहित पांगी में हिमपात हुआ है। मैदानी जिलों में बढ़ी गर्मी के कारण जंगलों में आग की घटनाओं के साथ गहराते पेयजल संकट के लिए बारिश राहत बनकर आई है।
जिला कांगड़ा में मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। बारिश से जिले में गेहूं की फसल की कटाई में लगे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रोहडू़ की चांशल घाटी में बर्फबारी से डोडरा क्वार सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।