पानी के बिल बने आफत, पूर्व वीसी को भी काटने पड़े छह कार्यालयों के चक्कर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेयजल कंपनी की ओर से जारी किए पानी के गलत बिल शहरवासियों के लिए आफत बन गए हैं। इन बिलों को ठीक करने के लिए लोगों को कई दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। गलत बिलों से सबसे ज्यादा परेशान बुजुर्ग हैं। न्यू शिमला में रहने वाले वरिष्ठ नागरिक एवं नौंणी यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति केआर धीमान (70) को भी पानी का बिल जमा करने के लिए छह दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े।
धीमान को पिछला बिल चुकाने के बावजूद एरियर डाल दिया था। धीमान बिल जमा करने के लिए न्यू शिमला स्थित नगर निगम के दफ्तर में पहुंचे थे। लेकिन पता चला कि काउंटर बंद हो चुका है। सब्जी मंडी में ही बिल जमा होगा। पूर्व वीसी सब्जी मंडी पहुंचे तो यहां बताया कि रिज दफ्तर में जाकर जमा करवाओ।
रिज पहुंचे लेकिन यहां से भी पद्मदेव परिसर में भेजा गया। परिसर में पता चला कि पहले बिल ठीक करवाना पड़ेगा। इसके लिए फिर सब्जी मंडी भेजा गया। सब्जी मंडी में बिल ठीक करवाने के बाद पूर्व वीसी पद्मदेव परिसर पहुंचे और बिल जमा करवाया।
इस तरह घुमाया गया एक बुजुर्ग
सबसे पहले केआर धीमान पानी का बिल लेकर न्यू शिमला दफ्तर पहुंचे
न्यू शिमला में काउंटर बंद होने पर सब्जी मंडी स्थित दफ्तर भेज दिया
सब्जी मंडी दफ्तर से कहा-रिज में जाकर जमा करवाओ
रिज पहुंचे तो कहा-पद्मदेव परिसर में जमा करवाओ
पद्मदेव परिसर पहुंचे तो बोले-पहले सब्जी मंडी में बिल ठीक करवाओ
सब्जी मंडी में बिल ठीक किया-फिर पद्मदेव परिसर में बिल जमा हुआ
हजारों उपभोक्ता भुगत रहे परेशानी
एक बिल जमा करने में पूर्व वीसी को पूरा दिन लग गया। यह परेशानी सिर्फ पूर्व वीसी ने नहीं झेली बल्कि आए दिन हजारों लोग ऐसे ही बिल जमा करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। कंपनी ने एरियर वाले करीब पांच हजार से ज्यादा बिल जारी किए हैं। यह वो उपभोक्ता हैं जिन्होंने पिछला बिल बैंक में जमा किया था। इन सबको एरियर वाले बिल जारी हुए हैं। यह बिल खुद उपभोक्ता को ही ठीक करने पड़ रहे हैं।
पूर्व वीसी समेत शहर के बुजुर्ग लोग नगर निगम और पेयजल कंपनी की इस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पूछ रहे हैं कि आखिर एक ही छत के नीचे यह सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही है। ऑनलाइन व्यवस्था कहां है? यदि बिल गलत है तो कंपनी भुगतान की जगह ही इसे ठीक करने की व्यवस्था करे।
ऐसे बचें परेशानी से
यदि आपको भी गलत बिल जारी हुआ है तो यह सब्जी मंडी स्थित कंपनी के दफ्तर में ही ठीक होगा। दूसरे दफ्तर न जाएं। बिल ठीक करने के बाद इसे पद्मदेव परिसर, रिज मैदान या वार्ड स्थित किसी भी दफ्तर में जमा करवा सकते हैं।
वार्डों में चल रहे हैं काउंटर : गुप्ता
पेयजल कंपनी के एजीएम विजय गुप्ता ने कहा कि वार्डों में काउंटर चल रहे हैं। न्यू शिमला में क्यों बिल नहीं जमा हो रहे, इसका पता किया जाएगा। कहा कि जो बिल गलत जारी हुए हैं, उन्हें ठीक करवाया जा रहा है। जल्द आनलाइन सुविधा और अलग काउंटर भी खोल रहे हैं। इससे परेशानी खत्म हो जाएगी।