{"_id":"69afb8dc1608a8338e00c970","slug":"visually-impaired-unemployed-association-staged-a-protest-in-shimla-2026-03-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल प्रदेश: शिमला में दृष्टिबाधित बेरोजगार संघ का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम; पुलिस ने प्रयोग किया हल्का बल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल प्रदेश: शिमला में दृष्टिबाधित बेरोजगार संघ का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम; पुलिस ने प्रयोग किया हल्का बल
Tue, 10 Mar 2026 11:54 AM IST
Ankesh Dogra
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
Published by: Ankesh Dogra
Updated Tue, 10 Mar 2026 11:54 AM IST
सार
शिमला में दृष्टिबाधित बेरोजगार संघ ने बैकलॉग से भर्तियों की मांग को लेकर मंगलवार सुबह एक बार फिर सचिवालय के समीप प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
शिमला में दृष्टिबाधित बेरोजगार संघ का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दृष्टिबाधित बेरोजगार संघ ने बैकलॉग से भर्तियों की मांग को लेकर मंगलवार सुबह एक बार फिर सचिवालय के समीप प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए दृष्टिबाधित पदाधिकारी सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। वहीं, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सड़क के एक किनारे कर वाहनों की आवाजाही सुचारू की। इस कारण छोटा शिमला में ट्रैफिक जाम लग गया है। छोटा शिमला से लेकर टालैंड और हिमफेड पेट्रोल पंप तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। सरकार से मात्र आश्वासन मिलने से नाराज संघ ने आने वाले दिनों में उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। संघ बैकलॉग की भर्तियां शुरू करने की मांग को लेकर दो साल से संघर्षरत है।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल, पुलिस प्रशासन सहित कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। दृष्टि बाधित बेरोजगार एक साल से शिमला में धरने पर बैठे हैं और बैकलॉग कोटे के सभी पद एकमुश्त भरने की मांग कर रहे हैं। सरकारी नौकरी की मांग को लेकर इससे पहले भी दृष्टिबाधित बेरोजगार कई बार सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं। दृष्टिबाधितों का आरोप है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन नौकरी नहीं दी जा रही। इससे उनके सब्र का बांध टूटता जा रहा है। उन्हें बार-बार धोखा दिया जा रहा है। दृष्टिबाधित संघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि वह सभी लंबे वक्त से बैकलॉग भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।
विज्ञापन