सीएम बोले, इस बार पिक एंड चूज आधार पर नहीं मिलेगा टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं को तरजीह दी जाएगी। पिक एंड चूज आधार पर उम्मीदवारों का चयन नहीं होगा। जिन उम्मीदवारों में जीत की संभावनाएं ज्यादा होंगी, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा।
सुजानपुर-टीहरा में मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ विधायक ईश्वर दास धीमान के निधन से खाली भोरंज विधानसभा सीट पर कांग्रेस उप चुनाव के लिए तैयार है लेकिन अंतिम निर्णय भारतीय निर्वाचन आयोग को लेना है।
मीडिया के सवाल पर मुख्यमंत्री ने फिर से पीसीसी अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के भूमि मामले में गलत चुनाव शपथपत्र देने के मामले में जांच की बात दोहराई। सीएम ने कहा कि कुछ लोग ओछी राजनीति कर ऊपर का हिमाचल, नीचे का हिमाचल, नया और पुराना हिमाचल व क्षेत्रवाद की राजनीति कर जनता को भ्रमित करते हैं, लेकिन उनके लिए सारा प्रदेश व देश एक समान है।
हिमाचल को शिक्षा के क्षेत्र में प्रथम स्थान मिला है। स्वास्थ्य, सड़क और कृषि के क्षेत्र में हुए विकास के कारण आज हिमाचल की गिनती देश के छोटे राज्यों में नहीं होती है। कांग्रेस सरकार के समय आईजीएमसी शिमला, टीएमसी कांगड़ा अस्पताल खुले हैं। इसी साल से नाहन और चंबा में मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। हमीरपुर में भूमि न मिलने के चलते मामला लटका हुआ है।
भारत बंद में कांग्रेस शामिल होगी, सरकार नहीं
सीएम ने कहा कि विमुद्रीकरण पर विपक्षी दलों द्वारा केंद्र और जिला स्तर पर 28 नवंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय भारत बंद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस निश्चित तौर पर इसमें भाग लेगी और अपना विरोध दर्ज करेगी। लेकिन सरकार भाग नहीं लेगी, जैसा कि वर्तमान में भ्रम फैलाया जा रहा है।
केंद्र ने विमुद्रीकरण के जरिये देश में आर्थिक आपातकाल जैसी स्थिति पैदा की है। एनडीए ने नई करेंसी जारी करने से पूर्व गंभीरतापूर्वक मंथन नहीं किया। बेहतर होता अगर एटीएम को नई करेंसी निकालने के लिए तैयार किया जाता। उन्होंने कहा कि विमुद्रीकरण से लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं जनता के बीच और बैंकों में अफरातफरी का माहौल है।
राजेंद्र राणा की संस्था को सराहा
सीएम ने गरीब और जरूरतमंद लोगों की वित्तीय और अन्य प्रकार से मदद करने के लिए सर्वहित कल्याणकारी संस्था की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह सर्वकल्याणकारी संस्था के चेयरमैन राजेंद्र राणा समाज के क्षेत्र में लोगों की सेवा कर रहे हैं, उसी तरह देश के हर नागरिक को समाजसेवा के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए प्रयास करने चाहिए।