भाजपा इतनी मजबूत है तो सीएम का चेहरा क्यों नहीं बताते: वीरभद्र सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तंज कसा है कि भाजपा इतनी मजबूत है तो सीएम का चेहरा सामने लाने से क्यों गुरेज कर रही है। सीएम ने कहा कि जो मजबूत पार्टियां होती हैं, वह मुख्यमंत्री का चेहरा पहले से ही घोषित करती हैं।
चुनाव के बाद देखा जाएगा कि कौन सीएम बनेगा, उसमें लोगों का विश्वास नहीं होता। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोमवार को शिमला के माल रोड पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। सीएम ने कहा कि परिवर्तन रैली करके यह जरूरी भी नहीं कि भाजपा के मुताबिक ही परिवर्तन होगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल शहरों में नहीं बसता। यह दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बसता है। पहाड़ के लोग स्वाभिमानी हैं और स्वावलंबी हैं। वे हिमाचल प्रदेश का भला कौन कर सकता है और किसने भला किया है, इसको अच्छी तरह से जानते हैं।
आसपास से गाड़ियां लाकर हजार, दो हजार और पांच हजार लोगों को इकट्ठा करो, उससे कोई असर नहीं होता। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों की राहों को इतनी आसानी से नहीं बदला जा सकता।
संगठन पर साधा निशाना, बोले - सही व्यक्ति हो सही पद पर
सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि चाहे कोई भी व्यक्ति हो। बड़ा हो या छोटा। उनको हम गुटबाजी नहीं करने देंगे। जो लोग गुटबाजी करना चाहते हैं, उनका कांग्रेस में कोई स्थान नहीं है। सीएम बोले कि यह कांग्रेस हाईकमान को देखना है कि कांग्रेस का फायदा किसमें है।
उन्होंने कहा कि वह किसी व्यक्ति विशेष के बारे में बात नहीं करते। हर स्तर पर बात करते हैं। मगर जब लड़ना है तो फोर्स लड़ाई के लिए फिट है या नहीं, यह देखना जरूरी है। फेरबदल की बात नहीं है। उपयुक्त व्यक्ति उपयुक्त पद पर होना चाहिए।
वीरभद्र बोले - ऐसे में जबकि हम चुनाव के महायुद्ध में शामिल हो रहे हैं। वह किसी व्यक्ति विशेष के बारे में बात नहीं कर सकते। सरकार हो या संगठन हो। बदलाव होता है। चाहे कोई भी किसी भी पद पर हो, किसी को अपने स्वार्थ को ध्यान में रखते हुए गुटबाजी करने की इजाजत नहीं होगी। पत्रकारों ने जब सीएम से पूछा गया कि उनका इशारा कहां है? इस पर वे बोले - आप खुद समझदार हैं।