हिमाचल: विमल नेगी माैत मामले की जांच के बीच शिवम प्रताप सिंह को पावर कॉरपोरेशन निदेशक पद से हटाया
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव-सह-अतिरिक्त आयुक्त नरेश ठाकुर को निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) पावर कॉरपोरेशन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसे लेकर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने आदेश जारी कर दिए हैं।
विस्तार
हिमाचल पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के मामले की चल रही जांच के बीच सरकार ने कॉरपोरेशन के दूसरे निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) शिवम प्रताप सिंह को भी पद से हटा दिया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव नरेश ठाकुर को निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) पावर कॉरपोरेशन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
मंगलवार को मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने इसके आदेश जारी कर दिए। आईएएस अधिकारी शिवम प्रताप सिंह अब अगले आदेश तक हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन शिमला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। बता दें कि चीफ इंजीनियर विमल नेगी के परिजनों ने आईएएस अधिकारी शिवम प्रताप सिंह पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने उन्हें भी पावर कॉरपोरेशन से हटाने की मांग की थी। इससे पहले इसी मामले में कॉरपोरेशन के एमडी हरिकेश मीणा और निदेशक देशराज को पद से हटाया जा चुका है।
मनीष को लगाया आरसी पांगी, डॉ. गज्जू अतिरिक्त कंट्राेलर स्टोर
प्रदेश सरकार ने आईएएस अफसर मनीष कुमार को रेजिडेंट कमिश्नर पांगी के पद पर स्थानांतरित कर दिया है। अतिरिक्त कंट्रोलर स्टोर के पद पर कार्यरत मनीष कुमार एसडीएम पांगी रमन घरसिंगी को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव डॉ. हरीश गज्जू को अतिरिक्त कंट्राेलर स्टोर का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। कार्मिक विभाग की ओर से मंगलवार को इस बाबत अधिसूचना जारी की गई।