केसीसी बैंक ऋण घोटाले में पूर्व निदेशक और होटल मालिक के घर दबिश
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित में ऋण आबंटन घोटाले में विजिलेंस टीम ने बैंक के पूर्व निदेशक और होटल मालिक के घर पर दबिश दी। विजिलेंस टीम ने यह दबिश पालमपुर स्थित होटल मालिक और देहरा स्थित पूर्व निदेशक के घर एक साथ छापामारी की। इस दौरान विजिलेंस टीम ने बैंक खातों सहित कई महत्त्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए हैं।
जानकारी के अनुसार विजिलेंस विभाग धर्मशाला की टीम ने ऋण धारक पालमपुर रोमा चौहान पत्नी केशव चौहान निवासी पालमपुर और पूर्व निदेशक गुरचरण सिंह निवासी देहरा के घर पर छापामारी की। इस दौरान दोनों ही स्थानों से बैंक खातों, संपत्ति रिकॉर्ड, लोन फाइलें, निवेश बैलेंस शीट, अकाउंटस बुक की सूची बनाई गई। वहीं कुछ महत्वपूर्ण जांच के लिए दस्तावेज कब्जे में लिए गए।
बताया जा रहा है कि साढ़े 18 करोड़ रुपये के भारी भरकम कर्ज को स्वीकृति देने के लिए बैंक के पूर्व निदेशक ने मंजूरी दी थी, जिसके चलते वह भी सवालों के घेरे में थे। इस पर विजिलेंस विभाग की टीम ने गुरुवार को दोनों के घरों में दबिश देकर महत्त्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। वहीं दोनों को ही विभाग ने सवाल-जवाब के लिए विजिलेंस थाने में बुलाया है।
यह था मामला
जानकारी के अनुसार हाल ही में विजिलेंस ने केसीसी बैंक के लोन से संबंधित दस्तावेज को कब्जे में लिया थे। यह रिकार्ड वर्ष 2012 से 2017 के बीच निदेशक मंडल की बैठकों और लोन कमेटी की कार्यवाही का था।
इस अवधि के दौरान जिला की एक कंपनी और पालमपुर के होटल को करोड़ों रुपये का लोन दिया गया था, जोकि बाद में एनपीए हो गया था। पूर्व में विपक्ष में रहते हुए भाजपा की चार्जशीट के आरोपों पर विजिलेंस ब्यूरो ने इस संबंध में दो एफआईआर धर्मशाला और ऊना थाना में दर्ज की है।
विजिलेंस थाना धर्मशाला की टीम ने केसीसी बैंक ऋण घोटाले की जांच के चलते पालमपुर के एक होटल और देहरा निवासी बैंक के पूर्व निदेशक के यहां छापेमारी की।
इस दौरान कुछ अहम दस्तावेजों को जब्त किया है और मामले में संलिप्त दोनों को सवाल-जवाब के लिए विजिलेंस थाना बुलाया है। - अरुल कुमार, एसपी, विजिलेंस विभाग नार्थ जोन कांगड़ा।