हिमाचल शिक्षा विभाग में छुट्टियों पर रोक, पढ़ें पूरा मामला
19 अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा मानसून सत्र के चलते शिक्षा विभाग में 13 से 31 अगस्त तक गैर शिक्षकों की छुट्टियों और दौरों पर रोक लगा दी गई है। उच्च और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालयों ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसून सत्र के चलते रविवार सहित अन्य छुट्टियों के दौरान भी बुलाया जा सकता है। सुबह आठ से रात आठ बजे तक अफसरों को दफ्तर में मौजूद रहना होगा।
विभाग ने विधानसभा में शिक्षा विभाग से संबंधित लगे सभी प्रश्नों के जवाब जल्द तैयार करने को भी कहा है। अधिकारियों के पास हर तरह की जानकारी होनी चाहिए। कहा गया है कि विभाग की हर शाखा में कम से कम एक अधिकारी इस दौरान रोजाना सुबह आठ बजे ऑफिस में होना चाहिए।
इनकी छुट्टियां हुई हैं रद्द
सत्र के दौरान अतिरिक्त निदेशक प्रशासन, कॉलेज, स्कूल उच्च शिक्षा, संयुक्त निदेशक कॉलेज, संयुक्त निदेशक फाइनेंस एंड अकाउंट, सह निदेशक, उच्च शिक्षा के सभी उपनिदेशक, सभी सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपल, कमांडर एनसीसी और चीफ लाइब्ररेरियन सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी सोलन, प्रारंभिक शिक्षा के सभी उपनिदेशक, प्रिंसिपल डाइट की छुट्टियों पर रोक रहेगी। इन अधिकारियों के तहत काम करने वाले स्टाफ को भी छुट्टियां नहीं मिलेंगी।
ये लगे हैं सवाल
शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों के कितने पद सृजित हैं, कितने पद रिक्त हैं, कितने पद भरे गए हैं। निदेशालय के अधिकारियों ने कितने स्कूलों, कॉलेजों का निरीक्षण किया। कितने नए स्कूल, कॉलेज खोले गए। सरकार द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं का क्या स्टेटस है।