9 लाख स्कूलों को देंगे डिजिटल बोर्ड: प्रकाश जावड़ेकर
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को देहरा तथा धर्मशाला के जदरांगल में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसरों की आधारशिला रखी।
शिलान्यास के बाद देहरा में जनसभा को संबोधित करते हुए जावडे़कर ने कहा कि केंद्र सरकार देश के करीब 9 लाख स्कूलों को डिजिटल बोर्ड उपलब्ध करवाएगी। नौवीं से आगे वाली कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड लगेंगे।
पांचवीं और आठवीं कक्षाओं में दोबारा बोर्ड परीक्षा शुरू करने के लिए राज्यों को निर्देश दिए हैं। उन्होेंने कहा कि हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसरों का निर्माण जल्द होगा। इसके लिए केंद्र हरसंभव मदद करेगी।
कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार ने यदि कैंपा की रकम समय पर जमा करवाई होती तो आज सीयू का भवन निर्माण पूरा हो चुका होता। सीयू के लिए सांसद अनुराग ठाकुर ने मुझसे कई बार बात की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए फोरेस्ट क्लीयरेंस उस समय दे दी थी, जब वह केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री थे।
हिमाचल विवि के इक्डोल को दोबारा मान्यता दी गई है, ताकि कॉलेज आकर पढ़ाई नहीं करने वाले विद्यार्थी भी अपनी उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकें। मोदी सरकार के कार्यकाल में सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता वाली शिक्षा पर जोर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप सरकारी स्कूलों में विद्यार्थी बढ़े हैं।
तीन साल में तैयार होगा सीयू कैंपस : सीएम
इस अवसर पर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, उद्योग मंत्री ब्रिकम सिंह, भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरमिंद्र सिंह बेदी, सीयू के वीसी कुलदीप अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सीयू के दो परिसर धर्मशाला और देहरा में बनेंगे।
इनका निर्माण तीन साल में पूरा होगा और इसके लिए 1300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सीएम ने कहा कि सरकार ने राज्य में कार्यभार संभालते ही वन स्वीकृति के लिए कैंपा अधिनियम के तहत 6 करोड़ जमा करवाए, ताकि वन भूमि को गैर वन उद्देश्यों के लिए बदलकर शीघ्र सीयू परिसरों का निर्माण करवाया जाए।
परिसर का करीब 1 हजार हेक्टेयर तक विस्तार होगा जो क्षेत्र का बहुत बड़ा विश्वविद्यालय होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम एक माह में बिना किसी बजट प्रावधान के चुनावी फायदे के दृष्टिगत 21 कॉलेज खोलने की घोषणा कर दी।