रक्षा मंत्री ने 8.8 किलोमीटर लंबी टनल का गाड़ी में बैठ किया निरीक्षण, बीआरओ को दिए ये निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने बीआरओ को निर्देश दिए हैं कि वे सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग टनल को तैयार कर जल्द वाहनों के लिए खोलें। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों के अलावा सेना को साल भर बॉर्डर तक पहुंचने में आसानी होगी।
टनल के निरीक्षण के लिए पहुंचीं रक्षा मंत्री के साथ सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत और डीआरडीओ चेयरमैन डॉ. एस क्रिस्टोफर मौजूद रहे। उन्होंने 8.8 किलोमीटर लंबी टनल को गाड़ी में बैठकर बारीकी से देखा। वे साउथ पोर्टल से नॉर्थ पोर्टल तक गईं।
जगह-जगह गाड़ी रोकी गई और उन्होंने नीचे उतरकर टनल की तकनीकी जानकारी ली। रक्षा मंत्री ने विपरीत परिस्थितियों में खुदाई का काम पूरा करने के लिए बीआरओ की पीठ थपथपाई।
रक्षा मंत्री सैन्य अधिकारियों के साथ हेलीकाप्टर से करीब 10.15 बजे मनाली स्थित सासे हेलीपैड पहुंचीं। यहां से वाहन से धुंधी पहुंचीं। सुरक्षा कारणों के चलते लोगों को सोलंगनाला बैरियर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
धुंधी में साउथ से नॉर्थ पोर्टल तक निर्मला सीता रमण ने टनल का जायजा लिया। हिमस्खलन से बचने के लिए बनाई गई स्नो गैलरी और पलचान से धुंधी के लिए बनने वाले पुल का भी उन्होंने निरीक्षण किया। वह सोलंगनाला स्थित बीआरओ कार्यालय भी गईं।
मनाली स्थित सासे संस्थान लंच करने के बाद रक्षा मंत्री दोपहर पौने तीन बजे हेलीकाप्टर से दिल्ली रवाना हो गईं। इस दौरान बीआरओ के लेफ्टिनेंट जनरल संजीव कुमार श्रीवास्तव, मोहन लाल, पीके महाजन, एनएम चंद्र राणा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
चुनाव आयोग से अनुमति के बाद किया दौरा, रही पूरी नजर
रक्षा मंत्री के रोहतांग दौरे पर चुनाव आयोग की कड़ी निगरानी रही। दौरे से पहले मंत्री ने केंद्रीय चुनाव आयोग से अनुमति ली थी। एनओसी की एक प्रति निर्वाचन अधिकारी मनाली एचआर बेरवा को दी गई। जिला प्रशासन की निगरानी टीम पूरे दौरे में साथ रही।
इसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी यूनुस ने चुनाव आयोग शिमला को भेज दी है। चुनाव आचार संहिता के कारण ही रक्षा मंत्री के दौरे के दौरान कोई समारोह आयोजित नहीं किया गया। वे स्वागत करने पहुंचे स्थानीय लोगों से भी नहीं मिलीं।
एसडीएम मनाली एचआर बेरवा ने बताया कि रक्षा मंत्री के दौरे का एनओसी मिला है। सभी औपचारिकताओं के बाद भी दौरा हुआ है। डीसी युनूस ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी मनाली से मिली रिपोर्ट को आगे भेजा दिया है।