कीरतपुर-नेरचौक हाईवे पर एक और टनल धंसी
बिलासपुर के कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन हाईवे में हादसे के बाद अब एक और निर्माणाधीन टनल धंस गई है। बुधवार सुबह करीब चार बजे सुंदरनगर के भवाना में फोरलेन के लिए बन रही टनल से ठीक ऊपर गमोहू गांव से 25-30 मीटर जमीन धंस गई। टनल में आम के एक बड़े पेड़ के साथ मलबा भर गया है। एग्जॉस्ट फैन खराब होने की वजह से टनल में 10 सितंबर से काम बंद था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जमीन धंसने से गमोहू गांव को भी खतरा हो गया है।
मकानों में दरारें पड़ गई हैं। तीन घरों को खाली करवा लिया गया है। इलाके को सील कर आसपास से गुजरने वाले रास्तों को बंद कर दिया है। टनल के भीतर जाने पर रोक है। टनल के बाहर पुलिस और कंपनी के सुरक्षा गार्डों का पहरा बैठा दिया गया है। इसकी पुष्टि एसडीएम सुंदरनगर राजीव कुमार ने की है।
सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचे एसडीएम
बताया जा रहा है कि जमीन धंसने की आवाज सुनकर गमोहू गांव के राजकुमार ने कंपनी प्रबंधन और प्रशासन को इसकी सूचना दी। एसडीएम राजीव कुमार और कंपनी के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बसंत राम, कृष्ण लाल और रेशमू देवी के मकानों को असुरक्षित घोषित कर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया।
मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर और पूर्व मंत्री रूप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उधर, टनल इंचार्ज किनार कपूर ने कहा कि निर्माण नियमों के अनुरूप किया जा रहा है। सुरंग के अंदर कितना नुकसान हुआ है, इसका पता लगाया जाएगा।