Himachal News: एचपीयू में छात्र को घोंपा चाकू, माहौल तनावपूर्ण; छावनी में बदला विवि परिसर
एचपीयू शिमला में छात्र संगठनों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार को झड़प के दौरान एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला में छात्र संगठनों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार को झड़प के दौरान एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छात्र को पेट में गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। वहीं आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से एचपीयू परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। इससे एचपीयू परिसर छावनी में बदल गया है। जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से एबीवीपी और एसएफआई छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की घटनाएं सामने आ रहीं थीं। इसमें पुलिस ने बालूगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज की थी।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुबह के समय छात्र गुटों के बीच पहले झगड़ा हुआ। इसके बाद दोपहर के समय विधि विभाग के बाहर एक बार फिर छात्र आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। पुलिस को दी शिकायत में मुकेश कुमार निवासी तीसा जिला चंबा ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे एचपीयू के विधि विभाग के प्रांगण में शिकायतकर्ता उसके साथी योगराज, धनराज और अमन कुमार खड़े थे। इसी समय मोहित डोगरा विधि विभाग के गेट से बाहर आया और अचानक तेजधार चाकू निकालकर इन्हें मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद मोहित ने धनराज पर चाकू से हमला कर दिया। इससे धनराज घायल हो गया और उसके पेट से खून बहने लगा। छात्र को उपचार के लिए फौरन आईजीएमसी ले जाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। छात्र पर हमले की घटना के बाद एचपीयू परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और मौके पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए।
क्यूआरटी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
सूचना मिलते ही क्यूआरटी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल को परिसर में तैनात किया गया। विधि विभाग के बाहर इस घटना के बाद यहां कई घंटों तक किसी को भी आने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस ने बालूगंज पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 109 हत्या के प्रयास, 351(3) के अंतर्गत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने के साथ ही हमले से जुड़े तथ्यों को भी एकत्रित कर रही है। पुलिस ने शाम के वक्त आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आईजीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि घायल छात्र का सर्जरी विभाग में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि छात्र की हालत स्थिर है।
सूचना मिलते ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को एचपीयू परिसर में तैनात कर दिया है। पुलिस ने केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।-गौरव सिंह, एसएसपी शिमला