दो सड़क हादसों में दो लोगों ने गंवाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिलासपुर जिले में दो अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोगों को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। पहला हादसा नयनादेवी के कनफारा क्षेत्र में हुआ। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नयनादेवी से सटे कनफारा गांव का राकेश कुमार (35) पुत्र रिखी राम निवासी कनफारा ऊना हाइवे बस में चालक था।
हर रोज की तरह राकेश कुमार रात को नयनादेवी में बस खड़ी कर साइकिल से अपने घर की ओर जा रहा था। कनफारा में वह अचानक अपना नियंत्रण खो बैठा और साइकिल स्किड हो गई। साइकिल से गिरकर राकेश का सिर एक पत्थर से टकरा गया। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में साइकिल में सवार मौसी के लड़के दीपक को भी चोटें आई हैं।
दूसरा हादसा नेशनल हाईवे पर जामली के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार मान सिंह अपनी पत्नी सत्या देवी (निवासी धर्मपुर मंडी) के साथ स्कूटी में सवार होकर स्वारघाट से बिलासपुर की ओर जा रहे था। सुबह करीब सवा आठ बजे जामली के समीप बिलासपुर की ओर से आ रहे एक ट्राले ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि ट्राला चालक तेजरफ्तार में ओवरटेक कर रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सत्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मान सिंह को भी हादसे में गंभीर रूप से चोटें आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राले के चालक ने टायर से महिला का सिर पूरी तरह से कुचल डाला। हादसे के बाद से चालक मौके से फरार है। डीएसपी हैड क्वार्टर प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है। ट्राला चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नाले में गिरा अहमदाबाद का छात्र, मौत
दिल्ली से त्रियुंड घूमने आए विद्यार्थियों के एक ग्रुप के छात्र की पांव फिसलने से नाले में गिरने से मौत हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक देश के अलग-अलग स्कूलों से विद्यार्थी ग्रुपों में धर्मशाला के त्रियुंड घूमने आए थे। यह टुअर दिल्ली से ऑर्गेनाइज किया गया था। विद्यार्थियों का दल त्रियुंड की शांत वादियों में घूमने के बाद रविवार को मैकलोडगंज के लिए रवाना हुए।
इसी दौरान छात्र मानव पटेल पुत्र सुरेश पटेल (20) मनुस्थान निकट बीआर पार्क माल लेन अहमदाबाद का पांव फिसल गया और वह नाले में जा गिरा। इससे मानव पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। लोगों और छात्रों ने मानव पटेल को बचाने की कोशिश की, मगर नाला गहरा होने के कारण लोग उस तक नहीं पहुंच पाए।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रस्सी की मदद से शव को नाले से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि नाले में गिरने से युवक को गहरी चोटें आई थीं। इस कारण उसने वहीं पर दम तोड़ दिया। जिला पुलिस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि त्रियुंड घूमने गए विद्यार्थियों के ग्रुप से एक छात्र का पांव नाले के पास फिसल गया। इससे छात्र की मौत हो गई है।