हिमाचल में इस दिन थमेंगे 80 हजार ट्रकों के पहिये
देशव्यापी चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल से हिमाचल में 80 हजार ट्रकों के पहिये थम जाएंगे। प्रदेश की ट्रक यूनियनों में 20 जुलाई की बुकिंग नहीं ली जा रही है।
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर ऑपरेटरों की मांगों पर हड़ताल को लेकर उत्तर भारत की नामी यूनियनों में शुमार दी ट्रक ऑपरेटर यूनियन नालागढ़ के सभागार में दो बार आल हिमाचल ट्रक आपरेटरर्स फेडरेशन की बैठकें हो चुकी हैं।
ये है ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल की वजह
प्रदेश में प्रतिदिन हजारों ट्रक माल लाते और ले जाते हैं। ऑपरेटरों की मुख्य मांगों में डीजल की कीमतों में कमी, त्रैमासिक संशोधन व राष्ट्रीय स्तर पर समान मूल्य, तृतीय पक्ष बीमा प्रीमियम में जीएसटी से छूट, एजेंट कमीशन समाप्त करने व वर्ष में बढ़ाया प्रीमियम वापस लेने, आयकर अधिनियम की धारा 44ई
को तर्कसंगत करने, टीडीएस को समाप्त और दर में कमी करने, कॉमर्शियल वाहनों पर टोल टैक्स समाप्त व कम करने, अनुबंध समय समाप्त होने पर टोल बंद करने, नेशनल हाईवे अथारिटी की अनुबंध की शर्तें लागू करना शामिल है।
आल हिमाचल ट्रक ऑपरेटरर्स फेडरेशन के चेयरमैन एवं ट्रक यूनियन नालागढ़ के प्रधान चौधरी विद्यारतन ने कहा कि प्रदेश की किसी भी यूनियन का ट्रक 20 जुलाई को माल लोड नहीं करेगा। न ही इस दिन की बुकिंग ली जा रही है। सब्जी, सेब और आवश्यक वस्तुओं वाले वाहनों को इस दिन नहीं रोका जाएगा।