सेब सीजन से पहले बागवानों को बड़ा झटका, पढ़ें..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेब सीजन में बागवानों को जोर का झटका लगा है। देश की सबसे बड़ी यूनियनों में शुमार नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर यूनियन के बाद अब परवाणू ट्रक यूनियन ने भी पांच फीसदी किराया बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।
वीरवार को परवाणू में ट्रक ऑपरेटर यूनियन की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगी है। बढ़ी हुई कीमतें 15 अगस्त से लागू होंगी। बैठक की अध्यक्षता ट्रक ऑपरेटर यूनियन परवाणू के अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह ने की है।
यह बढ़ोतरी कैंटर यूनियन पर भी लागू होगी। परवाणू ट्रक यूनियन का तर्क है कि डीजल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
डीजल की कीमतें बढ़ने पर लिया फैसला
यूनियन के अनुसार सात माह में चार रुपये प्रति लीटर डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। बैठक में ट्रक यूनियन के नरेश कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश, लखविंद्र सिंह, बलवीर सिंह, अशोक ठाकुर, एमआर ग्रोवर, पवन कुमार बंसल, सुभाष शर्मा, राजीव जैन, धर्मेंद्र गुप्ता, नवदीप सिंह मौजूद रहे।
नालागढ़ ट्रक यूनियन ने 2 मार्च और 2 अप्रैल को 2-2 फीसदी किराए में बढ़ोतरी की। कुल मिलाकर सेब सीजन से पहले 4 फीसदी किराया बढ़ा है। बीबीएनआई के साथ समझौते के तहत डीजल में एक रुपये की बढ़ोतरी के साथ 30 पैसे प्रति किमी भाड़ा बढ़ेगा।
एक रुपया घटने पर 30 पैसे प्रति किमी किराया कम होगा। नालागढ़ ट्रक यूनियन और परवाणू ट्रक यूनियन में 10 हजार से अधिक ट्रक हैं। सेब सीजन में ट्रकों की काफी बुकिंग रहती है।
पढ़िए कहां कितना होगा नया किराया
नए किराए के अनुसार अब रामपुर से 14400 की बजाए 15120 जबकि शिमला से 7900 रुपए की जगह 8295 रुपए किराया लिया जाएगा। इसी तरह दिल्ली से किराया 11 हजार की जगह 11550 रुपए, चंडीगढ़ से 4200 की जगह 4410 रुपए वसूले जाएंगे।
अंबाला से 6000 की जगह 6300 रुपए, अबोहर से 14600 की बजाए 15330, अटारी से 14000 की जगह 14700 रुपए किराया लिया जाएगा। आगरा से 18300 की जगह 19215 रुपए, लखनऊ से 26500 की जगह 27825 और अमृतसर 13300 की जगह 13965 रुपए किराया रहेगा।