Shimla: स्केटिंग के शौकीनों का इंतजार खत्म, रिंक में जमी बर्फ, बुधवार से शुरू होगा सीजन का पहला सत्र
रिंक में मंगलवार को बर्फ जमने पर किया गया ट्रायल सफल रहा। रिंक के करीब 40 फीसदी जमे हिस्से में बुधवार से स्केटिंग शुरू हो जाएगी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक आइस स्केटिंग में स्केटिंग के शौकीनों का इंतजार खत्म हो गया है। रिंक में मंगलवार को बर्फ जमने पर किया गया ट्रायल सफल रहा। रिंक के करीब 40 फीसदी जमे हिस्से में बुधवार से स्केटिंग शुरू हो जाएगी। मंगलवार रात को मौसम साफ रहने पर सुबह साढ़े आठ से दस बजे तक सीजन 2022-23 का पहला स्केटिंग सत्र होगा। इसके लिए शिमला आइस स्केटिंग क्लब की ओर से स्केटर्स के सोशल मीडिया ग्रुप पर ताजा सूचना उपलब्ध करवाने का क्रम शुरू कर दिया गया है। इस बार बीते सीजन की तुलना में चार दिन पहले ही स्केटिंग का सफल ट्रायल किया गया है। मंगलवार को सुबह सवा आठ बजे से नौ बजे तक शिमला आइस स्केटिंग क्लब के सचिव मनप्रीत सेंबी, संगठन सचिव पंकज प्रभाकर, अभय डोगरा, रजत मल्होत्रा ने रिंक में पहुंचकर पांव में स्केट्स बांधकर ट्रायल किया। सेंबी ने कहा कि रिंक में करीब 45 फीसदी हिस्से बर्फ जम चुकी है, जिस पर बुधवार से स्केटर्स स्केटिंग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल सुबह के सत्र ही शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सदस्य बनने की प्रक्रिया भी बुधवार से ही शुरू कर दी जाएगी। सदस्यता शुल्क में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। स्केटर्स को आवेदन फार्म के साथ अपनी दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करवानी होंगी। उम्मीद है कि इस बार सीजन में 70 के करीब सत्र होंगे। बीते सीजन में सिर्फ 52 सत्र ही संभव हो पाए थे। बीते वर्ष 16 दिसंबर को ट्रायल संभव हो सका था।
सदस्यता के लिए शुल्क की ये हैं दरें
वयस्कों के लिए पूरे सीजन का तीन हजार रुपये सदस्यता शुल्क देना होगा, जबकि 16 वर्ष से कम आयु के स्केटर्स को 1,800 शुल्क देना होगा। वयस्कों के लिए आधे सीजन का शुल्क 2200, जूनियर के लिए 900 रुपये देने होंगे। जबकि स्केट्स के किराये के रूप में सीनियर को 1500 रुपये और जूनियर को 1200 रुपये प्रति सीजन के हिसाब से किराया चुकाना होगा।
टाउन हॉल की छत पर नजर आएगा लाल गुब्बारा
आइस स्केटिंग क्लब के संगठन सचिव पंकज प्रभाकर ने कहा कि 1920 से लेकर रिंक में स्केटिंग शुरू होने का सांकेतक लाल गुब्बारा भी जल्द टाउन हॉल की छत पर नजर आएगा। नगर निगम आयुक्त से इसके लिए अनुमति मांगी गई है। उन्होंने कहा कि स्केटर्स सदस्यों को व्हॉट्सअप ग्रुप में रोजाना सुबह और शाम के स्केटिंग सत्र सहित हर गतिविधि की सूचना दी जाएगी।