नहीं थम रहा स्वाइन फ्लू, तीन नए मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में स्वाइन फ्लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को तीन और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसी के साथ प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बारह हो गई है। प्रदेश में अब तक 45 लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। इस बीमारी से दो लोगों की मौत हो चुकी है।
हिमाचल में मंगलवार तक स्वाइन फ्लू के नौ मामले पॉजिटिव पाए गए थे। बुधवार को चौपाल, अर्की एवं देहरा के तीन लोगों में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें दो आईजीएमसी शिमला और एक टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल है। उधर, स्वाइन फ्लू से दो लोगों की मौत और लगातार सामने आ रहे नए केसों के बाद स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है।
मरीजों की कुल संख्या 12 तक पहुंची
प्रदेश के करीब सभी सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके अलावा आठ हजार कैप्सूल मुख्यालय में रखे गए हैं। नेशनल हेल्थ मिशन हिमाचल प्रदेश के निदेशक हंस राज शर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। हर स्तर पर चौकसी के लिए कहा गया है। बुधवार को प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मरीजों की कुल संख्या 12 हो गई है। दवाओं की किसी स्तर पर कोई कमी नहीं है। हम अपनी तरफ से मरीजों को कोई भी असुविधा नहीं होने देंगे।
सेंट्रल वाईरोलॉजी प्रयोगशाला को मंजूरी- स्वाइन फ्लू के साथ-साथ अन्य विशायुक्त बीमारियों की त्वरित जांच के लिए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने सूबे में सेंट्रल वाईरोलॉजी प्रयोगशालाएं स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस पर पांच करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।