Shimla: निर्दलीय विधायकों ने विधानसभा परिसर में दिया धरना, बोले- इस्तीफे मंजूर नहीं किए तो जाएंगे कोर्ट
तीनों निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशीष शर्मा सुबह 11:00 बजे विधानसभा परिसर में लाइब्रेरी के बाहर धरने पर बैठ गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे मंजूर नहीं करने के विराेध में शनिवार को निर्दलीय विधायकों ने धरना दिया। तीनों निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशीष शर्मा सुबह 11:00 बजे विधानसभा परिसर में लाइब्रेरी के बाहर धरने पर बैठ गए। तीनों ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने दो दिन के अंदर उनके इस्तीफे मंजूर नहीं किए तो वे कोर्ट जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट में से कहां जाना है, इस पर विधि विशेषज्ञों से परामर्श किया जा रहा है। तीनों ने 22 मार्च को इस्तीफे दिए थे, जो विधानसभा अध्यक्ष ने मंजूर नहीं किए हैं। वहीं, मंत्रियों और विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के समक्ष शिकायत की है कि ये इस्तीफे राजनीतिक दबाव में दिए गए हैं। यह दबाव भाजपा ने बनाया है। इसी शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष ने नोटिस जारी कर उनसे 10 अप्रैल तक जवाब देने को कहा है। वहीं, तीनों निर्दलियों ने कहा कि उन्होंने किसी दबाव या प्रलोभन में आकर नहीं, बल्कि स्वेच्छा से इस्तीफे दिए हैं। इसकी वजह उनके क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार में विकास कार्यों का नहीं होना है। विधानसभा अध्यक्ष इन इस्तीफों को मंजूर करें। इस्तीफे मंजूर नहीं करना लोकतंत्र की हत्या है। इस्तीफे मंजूर करवाकर निर्दलीय विधायक उपचुनाव में जाना चाह रहे हैं। उन्होंने भाजपा को भी ज्वाइन कर लिया है। छह विधानसभा हलकों में पहले ही उपचुनाव घोषित हो चुके हैं।
भाजपा से टिकट मिलने पर ही चुनाव लड़ूंगा या कार्यकर्ता की तरह करूंगा काम : होशियार
देहरा के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह ने कहा, भाजपा से टिकट मिलने पर ही चुनाव लड़ूंगा या एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। क्या भाजपा ने टिकट देने के लिए आश्वस्त किया है, इस पर वह बोले - जो भी समझ लें, मगर उन्होंने टिकट के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं की है। नालागढ़ से निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर और हमीरपुर से निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा ने भी कहा कि उन पर प्रलोभन में आकर इस्तीफे देने का आरोप लगाना बेबुनियाद है।
विधानसभा अध्यक्ष का नोटिस मिलने से इन्कार
विधानसभा अध्यक्ष से 10 अप्रैल तक जवाब देने का नोटिस मिलने के मामले में होशियार सिंह ने कहा कि केवल निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा को ही नोटिस मिला है। यह मुझे और केएल ठाकुर को नहीं मिला है। केएल ठाकुर भी बोले कि उन्हें अभी तक नोटिस नहीं मिला।
लालच व स्वार्थ से लोकतंत्र को कुचलकर स्वार्थी जनप्रतिनिधि कर रहे जनता का नुकसान : सुक्खू
निर्दलीय विधायकों के धरने को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों की जवाबदेही होती है। उन्हें पांच साल के लिए जिम्मेदारी मिलती है। राजनीति में आयाराम-गयाराम और खरीद-फरोख्त की प्रथा को हवा वही लोग देते हैं, जिन्हें जनता की ओर से दिए गए जनादेश और जिम्मेदारी की परवाह नहीं होती। जनता पर फिर से चुनाव का बोझ डालकर और खुद के लालच व स्वार्थ के चलते लोकतंत्र को कुचलकर भाजपा व स्वार्थी जनप्रतिनिधि जनता का नुकसान कर रहे हैं। निजी स्वार्थ और लालच के गंदे प्रदर्शन को जनता देख रही है, जो जवाब देगी।
निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे स्वीकार न करना असांविधानिक- गैरकानूनी : बिंदल
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे मंजूर न करने को गैर कानूनी और असांविधानिक बताया है। बिंदल नाहन में पार्टी चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि अपने पद से इस्तीफा देना किसी भी व्यक्ति का सांविधानिक अधिकार है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे मंजूर किए जाने चाहिए जो उन्होंने खुद विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे हैं। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश के चार संसदीय क्षेत्रों में कार्यालय के अलावा सभी 68 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कार्यालय खोले जा रहे हैं ताकि सही तरीके से चुनावी गतिविधियों का संचालन किया जा सके। इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद सुरेश कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा कनियाल आदि मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.