डिपो में राशन पहुंचने का अब आएगा मैसेज
हिमाचल के सरकारी राशन के डिपुओं में 18 लाख उपभोक्ता परिवारों को अब राशन लेने के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जल्द ही घर के मुखिया के मोबाइल पर एसएमएस आएगा कि डिपो में राशन पहुंच गया है, आप ले सकते हैं।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। इसके लिए मोबाइल नंबर जुटाए जा रहे हैं। जैसे ही विभाग की डिजिटल राशनकार्ड योजना शुरू होगी, एसएमएस सुविधा भी चालू हो जाएगी।
वर्तमान में शहरों के डिपुओं में राशन की सूचना नोटिस बोर्ड पर लगती है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में एक कर्मचारी गांव-गांव जाकर राशन पहुंचने की सूचना देता है। हालांकि, दोनों व्यवस्थाएं कारगर नहीं हैं, उपभोक्ताओं को चक्कर काटने ही पड़ते हैं।
डिजिटल राशन कार्ड बनाने में जुटा विभाग
विभाग डिजिटल राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। इससे आधार कार्ड और घर के मुखिया का फोन नंबर लिंक होगा। राशन की सभी जानकारी विभाग इसी नंबर पर अपडेट करेगा।
डीएफएससी सोलन यादवेंद्र पाल ने बताया कि घर के मुखिया को आएगा मोबाइल पर एसएमएस, खाद्य आपूर्ति विभाग की योजना जिलों से मोबाइल डाटा एकत्र करने की कवायद शुरू हो चुकी है।
डिपुओं में आधार कार्ड नंबर और मोबाइल नंबर लिए जा रहे हैं। इस योजना के तहत राशन पहुंचने की सूचना एसएमएस के माध्यम से मिलेगी।