दवा निर्माताओं से दुर्व्यवहार के आरोप में ड्रग इंस्पेक्टर निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दवा निर्माताओं से दुर्व्यवहार करने और उद्योग को बंद करवाने की धमकी देने के आरोप में बद्दी में तैनात एक केंद्रीय दवा निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया। फार्मा उद्योग की शिकायत पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निदेशक (प्रशासनिक) ने यह कार्रवाई की। बद्दी में सेंट्रल ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल कार्यालय (सीडीएससीओ) में तैनात इंस्पेक्टर के खिलाफ मिली शिकायत के बाद अधिकारी को निलंबित कर जांच बिठा दी है। बरोटीवाला के रैडिको रेमिडीज फार्मा उद्योग ने केंद्र सरकार और औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती एवं हिमाचल ड्रग मेन्युफेक्चरिंग एसोसिएशन (एचडीएमए) को इंस्पेक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत की थी।
औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती फार्मा विंग व एचडीएमए ने शिकायत मिलने के बाद केेंद्र और राज्य सरकार के अलावा विभागीय अधिकारियों का अवगत कराया कि ड्रग इंस्पेक्टर नियम ताक पर रख कर किसी भी फैक्टरी में घुस जाते हैं, उद्योग बंद कराने की धमकी देते हैं, दुर्व्यवहार के अलावा नकली दवा बनाने का केस बनाकर नागरिकों में उद्योग की छवि खराब करने की धमकी देते हैं। करीब एक साल पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हिमाचल के दवा निर्माताओं को एक्सपोर्ट एनओसी की सुविधा देने के लिए बद्दी में सीडीएससीओ कार्यालय खोला था।
औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के रैडिको रेमिडीज उद्योग में घुसने पर उद्योग स्टाफ ने जब आरोपी सेंट्रल ड्रग इंस्पेक्टर कवियासन से परिचय मांगा तो इंस्पेक्टर ने परिचय न देकर उद्योग बंद करवाने की धमकी दे डाली।
उद्योग मालिक ने केंद्र, प्रदेश सरकार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को इसकी लिखित शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद आरोपी ड्रग इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया और उसके खिलाफ जांच बिठा दी गई।
उपनिदेशक सीडीसीएसओ बद्दी बीके सामंतरे ने कहा कि उनके पास इस संदर्भ में शिकायत आई थी, जिसकी जांच के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय दिल्ली के निदेशक (प्रशासनिक) ने आरोपी ड्रग इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच हो रही है।