हिमाचल में सड़क हादसे, 9 लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में हुए हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। बड़ा हादसा मंडी जिले में हुआ। यहां बारातियों से भरी टाटा सूमो के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। हिमाचल के मंडी जिले के जंजैहली घाटी के दुर्गम क्षेत्र छैचगला में रविवार सुबह छह बजे बारातियों से खचाखच भरी एक टाटा सूमो गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में दूल्हे के बहनोई बगड़ाथाच के उपप्रधान समेत चार लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि मंडी अस्पताल ले जाते एक घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
आठ घायलों का उपचार आनी व जंजैहली अस्पताल में किया जा रहा है। मरने वालों में महिला और एक युवती भी हैं जो बारात में जा रही थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बगड़ाथाच से कतवाड़ के लिए बारात निकली। सूमो (एचपी 01 एम 1920) में 13 बाराती सवार हो गए। जैसे ही गाड़ी कांढीधार गांव के साथ छैचगला के पास पहुंची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और खाई में गिर गई।
घायलों में चार महिलाएं भी शामिल
हादसे में उपप्रधान सूमो मालिक ललित कुमार समेत चार लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया। घायलों में चार महिलाएं भी हैं जिसमें ललित की पत्नी को भी चोटें आई हैं। बारातियों ने घायलों को सड़क तक और उसके बाद अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय विधायक जयराम ठाकुर ने भी हादसे पर शोक जताया है। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने पीडि़त परिवारों को फौरी राहत राशि दी। एसपी मंडी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मृतकों, घायलों के नाम- पुलिस ने मृतकों की पहचान बगड़ाथाच के उप प्रधान ललित कुमार, कांढीधार निवासी दीवान चंद, दीवान चंद के भाई की बहू पदमा देवी, एक युवती गंगा देवी और हुकम चंद के रूप में पुलिस ने की है। घायलों में सूमो चालक देशराज निवासी बहलीधार, कांशी राम, पन्ना लाल, सुषमा, मंजू, विजय कुमार, ऊषा, निवासी रूडल और ललित कुमार की पत्नी रीता कुमारी है।
काजा में कार हादसा, दो की मौत
हिमाचल के लाहौल स्पिति जिले के काजा के नजदीक रविवार सुबह आल्टो केटेन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे युवक ने आईजीएमसी शिमला में दम तोड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को गहरी खाई से निकला जबकि दूसरे घालय को काजा अस्पताल में उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला हेलिकाप्टर से भेजा जहां युवक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आल्टो के10 नंबर एचपी41 -1087 में सवार चालक शेर सिंह आयु 40 निवासी काजा और युवक मोहन लाल निवासी काजा दोनों सुबह काजा से रंगरिक की ओर जा रहे थे कि अचानक रास्ते में गाडी अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक मोहन लाल घायल अवस्था में होने पर तुरंत हेलिकाप्टर की सेवा से शिमला आईजीएमसी पहुंचाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया । पुलिस ने शेर सिंह का शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की पुष्टि करते हुए काजा थाना प्रभारी ललित मंत ने बताया कि मृतकों के शव का पोस्टर्माटम कर परिजनों को सौंप दिया है।
300 फुट खाई में गिरी कार, चालक की मौत
दाड़लाघाट(सोलन)। दाड़लाघाट के पास झरना में एक मारूति कार 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार देर रात झरना के पास 11 बजे जब एक मारूति कार तेज रफ्तारी से दाड़लाघाट की ओर जा रही थी कि अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों व 108 एंबुलेंस की सहायता से व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिया गया और गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया जहां व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा तेज रफ्तारी के कारण हुआ। हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान कमलेश कुमार (36) पुत्र मनी राम निवासी गांव मांगू अर्की के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार व्यक्ति एक निजी कंपनी में कार्य करता था। देर रात ड्यूटी खत्म कर दाड़लाघाट जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी दाड़लाघाट रविंद्र कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति की आईजीएमसी में मौत हो गई है।
कार की टक्कर से एक की मौत, दो घायल
हिमाचल के बिलासपुर जिल के आवारी गांव के पास घुमारवीं-बिलासपुर मार्ग पर रविवार को एक कार ने खड़ी जीप को टक्कर मार दी। हादसे में जीप के पीछे खड़े मंहत राम निवासी कुंहमझवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार नंबर (एचपी 24बी-0520) कंदरौर से घुमारवीं की ओर जा रही थी।
जब कार आवारी के समीप पहुंची तो कार ने जीप नंबर (एचपी 28-2766) को जोरदार टक्कर मार दी। कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। टक्कर के बाद जीप के पीछे खड़े मंहत राम निवासी कुंहमझवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई। जीप का रिपेयर कर रहे मिस्त्री ओम प्रकाश और जीप चालक वीरी सिंह निवासी कुंहमझवाड़ को गंभीर चोटें आई है।