समर फेस्टिवल: आज जस्सी के तरानों से सजेगी महफिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समर फेस्टिवल-2015 के लिए पहाड़ों की रानी तैयार है। आज इसका रंगारंग आगाज होने जा रहा है। प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों के लिए यहां विशेष प्रबंध किए गए हैं। पहली बार फेस्टिवल में वाईफाई की सुविधा लोगों को मिलेगी। इक गेड़ा गिद्दे विच होर नी कुड़िये, कूड़ी-कूड़ी, मेल करादे रब्बा, इक तारा वजदा जैसे सुपरहिट पंजाबी गीत गा चुके जसवीर जस्सी समर फेस्टिवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोगों को नचाएंगे।
हिमाचल के विक्की चौहान भी नाटी डालेंगे। समर फेस्टिवल का उद्घाटन शाम करीब आठ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे। सोमवार को बेबी शो, पुलिस का डॉग शो, पुष्प प्रदर्शनी, चित्र प्रदर्शनी, रन फॉर फन और हिमाचली फूड फेस्टिवल भी होगा। इस बार रिज मैदान पर स्टेज का स्थान बदल दिया गया है। बीते साल तक जहां एचपीटीडीसी के रेस्टोरेंट आशियाना के सामने स्टेज बनता था, इस बार पद्मदेव कांप्लेक्स के सामने स्टेज बनाया गया है।
लोगों के बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। इस बार स्टेज के सामने कुर्सियां गेयटी थियेटर की ओर लगाई गई हैं और चर्च की ओर जगह खाली छोड़ी गई है। लोगों को आवाजाही में दिक्कत न आए इसके लिए दौलत सिंह पार्क की ओर से रास्ता छोड़ा गया है। रिज मैदान से होते हुए एंबुलेंस को गुजरने के लिए स्टेज के पीछे खाली जगह छोड़ी गई है।
हालांकि, बैठने की व्यवस्था में किए गए बदलाव के बाद गेयटी थियेटर और आशियाना के बीच से मालरोड की ओर जाने वाले रास्ता और रिज मैदान से लक्कड़ बाजार की ओर उतरने वाला रास्ता बंद होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
जस्सी को छोड़ खलेगी बड़े कलाकारों की कमी
समर फेस्टिवल में बड़े कलाकारों की कमी खलेगी। जस्सी को छोड़कर कोई बड़ा कलाकार आयोजकों ने नहीं बुलाया है। बॉलीवुड में चर्चित एक भी पार्श्व गायक या गायिका की स्टार नाइट इस मर्तबा नहीं है। जसवीर जस्सी और हर्षदीप के दम पर आयोजक समर फेस्टिवल में दम डालने के दावे कर रहे हैं।
यह वही ग्रीष्मोत्सव है, जिसमें देश के लगभग प्रत्येक प्रसिद्ध पार्श्व गायक और गायिकाओं ने आकर अपनी प्रस्तुतियां दीं हैं। इनमें लता मंगेशकर, गुरदास मान, सुदेश लहरी, अभिजीत, आनंद राज आनंद, उदित नारायण, श्रेया घोषाल, सुनिधि चौहान सहित दर्जनों कलाकार शामिल रहे हैं। इस बार आयोजकों ने कलाकारों को बुलाने के नाम पर कोरी खानापूर्ति की गई है।
हाफ मैराथन के साथ आज होगा समर फेस्टिवल का आगाज
ग्रीष्मोत्सव-2015 का आगाज हॉफ मैराथन से होगा। 21, 11 और तीन किलोमीटर की दौड़ के लिए आए धावकों को एडीसी शिमला युनुस सुबह सात बजे ऐतिहासिक रिज मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रिज से फेयरलांस हिप्पा तक की लंबी दूरी की दौड़ में हिमाचल के पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड के धावकों के साथ आर्मी, पुलिस, आईटीबीपी और अन्य पैरा मिल्ट्री फोर्स के जवान भी हिस्सा लेंगे।
ग्यारह किलोमीटर की महिला वर्ग की दौड़ में भी प्रदेश और प्रदेश के बाहर की धावक हिस्सा लेंगी। हाफ मैराथन में सैकड़ों की तादाद में धावकों ने पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सबसे अधिक एंट्री तीन किलोमीटर की रन फॉर फन दौड़ के लिए आए हैं।
किस वर्ग में दौड़ेंगे कितने धावक
इंदिरा गांधी खेल परिसर में हाफ मैराथन को किए गए पंजीकरण के मुताबिक 21 किलोमीटर की पुरुष वर्ग की हाफ मैराथन को 109, महिलाओं की हाफ मैराथन को 19 जबकि रन फार फन के लिए 263 ने आवेदन किया है। शनिवार को अंतिम रोज पंजीकरण करवाने वालों को धावकों की भीड़ लगी रही।
दौड़ने वाले खिलाड़ियों को चोट लगने या बीमार पड़ने पर तुरंत प्राथमिक उपचार देने को आयोजकों ने मोबाइल मेडिकल एड वैन, जगह जगह पर पीने के पानी की व्यवस्था करने के साथ ही टाइम चैक करने को अधिकारियों की टीमों की तैनाती की व्यवस्था की है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी प्रेम शर्मा और एथलेटिक कोच बलबीर ने बताया कि दौड़ में पूर्व धावकों और विशेषज्ञों की अलग से टीम रखी गई है। साढ़े दस बजे पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
शहर में रात 12 बजे तक दौड़ेंगी बसें
अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव देखने के लिए रिज मैदान आने वाले लोगों की सुविधा के लिए एचआरटीसी प्रबंधन ने अपना शेड्यूल बगला है। समर फेस्टिवल के पहले दिन सोमवार को देर रात 12 बजे तक एचआरटीसी के लोकल डिपो की शेड्यूल सर्विस जारी रहेगी। मंगलवार से समर फेस्टिवल के अंत तक बसें शहर में क्लॉक और एंटी क्लॉक वाइज 10 बजे तक चलती रहेंगी।
जिला प्रशासन के आग्रह पर समर फेस्टिवल के मद्देनजर उपनगरों के लिए देर रात तक बस सुविधा देना का फैसला लिया गया है। रिज मैदान पर समर फेस्टिवल का कार्यक्रम खत्म होने के बाद ओल्ड बस स्टैंड, गुरुद्वारा लोकल बस स्टैंड तथा लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से उपनगरों के लिए बस सुविधा उपलब्ध होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी लोकल यूनिट देवासेन नेगी ने बताया जिला प्रशासन की ओर से एक्सट्रा टाइम तक बसें चलाने को लेकर रिक्वायरमेंट भेजी गई है। सोमवार को बसें 12 बजे तक और बाकी के दिन 10 बजे तक क्लॉक और एंटी क्लॉक वाइज चलाई जाएंगी।
इस बार पार्किंग का पचड़ा, बिना वाहन आएं
समर फेस्टिवल में इस बार लोगों को पार्किंग की किल्लत झेलनी पड़ेगी। एक से पांच जून तक चलने वाले इस उत्सव में बंधित और प्रतिबंधित सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी करने की स्वीकृति नहीं होगी। एक साल पहले तक समर फेस्टिवल के दौरान बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को गाड़ियां खड़ी करने की छूट दी जाती थी। समर फेस्टिवल के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रवेश द्वार मैहली, ढली, ओल्ड बैरियर और शोघी में नाके लगेंगे।
समारोह स्थल रिज को सुरक्षा के लिहाज से चार सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक गेट पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। बिना वर्दी जवान तैनात होंगे। सुरक्षा का जिम्मा तीन सौ पुलिस कर्मचारियों पर होगा। सड़कों के किनारे एंबुलेंस निकलने की जगह रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी ने बताया कि समारोह स्थल के इर्द गिर्द अंधेरा होने के कारण शरारती तत्व हुड़दंग न मचा पाएं इसके लिए रोशनी का इंतजाम किया गया है।
दस बजे तक लिफ्ट सुविधा- माल रोड से कार्ट रोड को जोड़ने वाली लिफ्ट की सुविधा लोगों को दस बजे तक मिलेगी। टूरिस्ट सीजन के मद्देनजर एचपीटीडीसी ने बीते दिनों ही लिफ्ट की टाइमिंग रात नौ बजे से बढ़ाकर दस बजे कर दी है। समर फेस्टिवल के दौरान लिफ्ट के टाइम टेबल में बदलाव नहीं किया जाएगा।