Video: शिमला में बाल दिवस पर बच्चों के साथ सीएम सुक्खू और मंत्री शांडिल ने भी डाली नाटी, देखें
बाल दिवस के अवसर पर रिज शिमला में चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट स्पोर्टस एंड कल्चरल मीट-2025 का शुभारंभ किया। इसका आयोजन पुलिस एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से किया गया।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर रिज शिमला में चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट स्पोर्टस एंड कल्चरल मीट-2025 का शुभारंभ किया। इसका आयोजन पुलिस एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से किया गया। 16 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के 29 बाल-बालिका सुखाश्रय आश्रम के लगभग 600 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान हिमाचल पुलिस बैंड हार्मनी ऑफ द पाइंस की ओर से प्रस्तुत गानों पर सभी स्कूली विद्यार्थियों ने जमकर डांस किया। बच्चों के साथ मुख्यमंत्री व मंत्री धनीराम शांडिल ने भी नाटी डाली। मुख्यमंत्री ने बच्चे को गोद में उठाया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल दिवस देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पावन स्मृति को समर्पित है।
यह खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव पंडित नेहरू की उसी भावना, समान अवसर और उज्ज्वल भविष्य को आगे बढ़ाने के प्रदेश सरकार के संकल्प को प्रतिबिंबित करता है। सुक्खू ने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि अनाथ और बेसहारा बच्चों तथा महिलाओं के लिए कानून के तहत योजना बनाने वाला प्रदेश देश का पहला राज्य है। प्रदेश सरकार ने एक अभिभावक के रूप में 6,000 अनाथ और बेसहारा बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया है। योजना के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास व स्वावलंबन के लिए हर स्तर पर सहायता प्रदान कर 27 वर्ष तक इन बच्चों के माता-पिता का दायित्व निभाएगी।
उन्होंने कहा कि इन बच्चों को आगे बढ़ने का मौका प्रदान करने के लिए जिलों के प्रमुख स्कूलों में इनका दाखिला करवाएगी और दाखिले का खर्चा भी प्रदेश सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने संकल्प लिया है कि हर बेटी को पूर्ण सुरक्षा, उत्तम शिक्षा और आसमान छूने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटी पढ़ाओ सिर्फ एक नारा नहीं है, यह मेरा व्यक्तिगत मिशन है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं हैं बल्कि ये जीवन की सच्ची पाठशाला है। यहां जीतते हैं तो विनम्रता सीखते हैं और जब हारते हैं तो दोबारा उठने का साहस। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट किसी प्रमाणपत्र के मोहताज नहीं है। उन्होंने अपनी चुनौतियों को दृढ़ता से स्वीकार किया है। प्रदेश सरकार उन्हें वो हर संसाधन और सुविधा प्रदान करेगी जिससे वे दुनिया को बता सके कि वे क्या कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव के लिए पुलिस एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को लैपटॅाप, स्कूल बैग भी भेंट किए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने प्रदेश सरकार संस्थागत देखभाल में रहने वाले बच्चों में भी खेल, कला और संस्कृति के माध्यम से आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करने के लिए बहुआयामी प्रयास कर रही है। उन्होंने विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही बेटी है अनमोल योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, सखी निवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन मुख्यमंत्री की दूरदर्शी प्रेरणा से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की और कहा कि पुलिस विभाग बच्चों के बहुआयामी विकास के लिए निरंतर अनेक पहल कर रहा है। आईजी पुलिस विमल गुप्ता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा डॉग शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़-नाटक, रस्साकस्सी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, वरिष्ठ अधिकारी, पार्षद और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.