स्कूल बैग से किताबें निकलवाकर विद्यार्थियों से ढुलवाए चावल, प्रशासन ने शुरू की जांच
हिमाचल में चंबा जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे राशन ढुलवाया जा रहा है। भरमौर क्षेत्र के एक प्राइमरी स्कूल में शिक्षकों ने राशन ढुलवाने के लिए बच्चों के बैग से किताबें निकलवाईं और उसमें चावल भरकर ढुलवाए।
मामले की सूचना जैसे ही स्कूल प्रबंधन समिति को मिली तो पदाधिकारियों ने इसका कड़ा विरोध किया और अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, भरमौर प्रशासन मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
भरमौर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगर ऐसा हुआ तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सोमवार सुबह जब बच्चे स्कूल गए तो शिक्षकों ने बच्चों से मिड डे मील का राशन ढुलवाने को कहा। बैग से किताबें खाली करवाईं और उसमें चावल भर दिए।
नन्हें बच्चों ने अध्यापकों का आदेश मानते हुए चावल ढोने का कार्य शुरू किया। इस दौरान बच्चों से कई बार बैग में चावल ढुलवाए गए। ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने एसएमसी अध्यक्ष को सूचित किया। स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया।
बच्चों से स्कूल बैग में ढुलवाए चावल : हेम सिंह
इसके बाद बच्चों को काम करने से रोका गया। बीते दिनों चंबा तहसील के एक स्कूल में अध्यापकों से शौचालय साफ करवाने का मामला आ चुका है। चाइल्ड लाइन ने इस मामले में जांच की और अध्यापकों को माफी मांगनी पड़ी।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हेम सिंह ने बताया कि बच्चों से स्कूल बैग में चावल ढुलवाए गए। उन्हें जैसे ही मामले की जानकारी मिली तो वे स्कूल पहुंचे। प्रशासन से उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। एडीएम भरमौर पीपी सिंह ने बताया कि इस मामले के बारे में सूचना मिली है। जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अगर है तो शिक्षकों पर कार्रवाई होगी।