Himachal News: ऊना में स्प्रिट इस्तेमाल करने वाले उद्योगों का स्टॉक खंगाला, लीकेज को लेकर जांच
प्रदेश के ऊना जिले में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब का भंडाफोड़ होने के बाद राज्य कर एवं आबकारी विभाग अपने स्तर पर अलग से जांच कर रहा है। रोजाना विभागीय टीमें नए पहलू पर काम करते हुए दबिश दे रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब का भंडाफोड़ होने के बाद राज्य कर एवं आबकारी विभाग अपने स्तर पर अलग से जांच कर रहा है। रोजाना विभागीय टीमें नए पहलू पर काम करते हुए दबिश दे रही हैं। शुक्रवार को जिले में स्प्रिट इस्तेमाल करने वाले उद्योगों (एल-19 लाइसेंसधारी) का स्टॉक राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने खंगाला। इससे जुड़े दस्तावेज भी जांचे। दिनभर जांच चलती रही। आबकारी विभाग सुनिश्चित कर रहा है कि आधिकारिक तौर लाइसेंसधारक को आने वाली खेप के स्प्रिट की कहीं लीकेज तो नहीं हो रही है। अवैध तरीके से जिले में स्प्रिट की खेप पहुंचने का मामला उजागर होने के बाद विभाग ई-वे बिल पुलिस को सौंप चुका है। पुलिस को भी काफी जानकारी मिली है कि किसके नाम पर खेप पहुंच रही थी।
शुक्रवार को स्प्रिट का इस्तेमाल करने वाले उद्योगों और फर्म में पहुंचकर विभागीय टीम ने कब-कब स्टॉक आया और कैसे आया, वर्तमान में कितना स्टॉक पड़ा है और कितना उपयोग किया जा चुका है, सभी चीजों को लेकर दस्तावेज चेक किए। मौके पर भी खेप का जायजा लिया। मामले में जिले के अन्य भागों में भी अवैध स्प्रिट खेप मंगवाए जाने की आशंका है। ऐसे में आबकारी विभाग ट्रांजेक्शन खंगाल रहा है। विभागीय अधिकारी ई-वे बिल को लेकर गहनता से जांच कर रहे हैं। बता दें कि जिले में अवैध रूप से करीब 40 ड्रम स्प्रिट के पहुंचे हैं। इनमें केवल 10 ड्रम ही पुलिस के हाथ लगे। 30 ड्रम पहले से भेजे जा चुके थे। इस स्प्रिट को कैसे और कहां इस्तेमाल किया गया। इस पर जांच चल रही है।
बंद पड़ी शराब फैक्टरी भी जांची
विभागीय टीम ने मैहतपुर स्थित बंद पड़ी शराब फैक्टरी को भी चेक किया। टीम ने मौके पर लगी सील जांची। टीम यहां देखने पहुंची थी कि बंद शराब फैक्टरी में बिना अनुमति कोई गतिविधि तो नहीं चल रही है। हालांकि, यह सब ठीक पाया गया। बता दें कि मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र के एक प्लॉट में शातिरों ने किराये पर गोदाम लिया था। ऐसे में विभाग ने यहां भी जांच की है।
विभाग की कस्टडी में उतर रही शराब खेप
वीआरवी फूड उद्योग की शराब लगातार विभागीय कस्टडी में ही उतर रही है। विभाग नकली होलोग्राम व मार्का स्टीकर वाली शराब मिलने के बाद इस उद्योग की शराब पर नजर रखे हुए है। शुक्रवार सुबह भी ऊना शहर के साथ लगते गोदाम में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में शराब गोदाम में रखवाई गई। इस दौरान रेंडम तौर पर शराब पेटियां जांची गईं।
विभाग चौकस है। अपने स्तर पर सभी चीजों को चेक कर रहा है। पुलिस भी सहयोग कर रही है। हर तरह के दस्तावेज मुहैया करवाए जा रहे हैं। नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब की अगर किसी के पास बोतल है तो इसे पीएं नहीं, बल्कि विभाग के पास जमा करवा दें। इस तरह की शराब का सेवन घातक हो सकता है। केवल अधिकृत शराब ठेकों से शराब लें।- विनोद डोगरा, उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग ऊना