रिकॉर्ड 3700 रुपये प्रति पेटी बिका स्पर सेब, बागवान गदगद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेब की मार्केट शुक्रवार को खूब उफान पर पहुंच गई। शिमला की ठियोग स्थित पराला मंडी में मदुरई से आए एक व्यापारी यू छेल्लप्पा ने कोटखाई के पजौल निवासी प्रदीप लालटा के स्कारलेट स्पर टू किस्म के सेब को 3700 रुपये प्रति पेटी के हिसाब से खरीदा। एएफसी फर्म के आढ़ती अनूप ने बोली लगाई जो बोली 3700 रुपये पर रुकी। लालटा ने बताया कि उन्होंने 28.28 किलो की सेब की 22 पेटियां 3700 रुपये प्रति पेटी की दर से बेची है और कुल 77,700 रुपये कमाए। कहा कि अभी मार्केट में उनका सेब और आएगा और अब तक का यह उच्चतम रेट रहा है।
इससे पहले भट्टाकुफर मंडी में ठियोग के टियाली गांव से आए सेब की 3600 रुपये की बोली लगी थी। उन्होंने मीडियम दर की एक, स्मॉल की एक, एक्स्ट्रा स्मॉल की 3 और 240 की चार सिक्स लेयर 12 और सेवन लेयर की एक पेटी का लॉट बेचा। यह सेब हुल्ली स्थित बगीचे का है जो काफी लो हाइट है। मदुरई से आए यूएस फर्म के व्यापारी यू छेल्लप्पा और केरल के कालाकट के पीकेसी फ्रूट्स वर्ड के व्यापारी मिनसर ने बताया कि अमेरिकी सेब का भारत में बहुत कम आयात हो रहा है। तुर्की और इटली से भी सेब का कम आयात हो रहा है।
इससे मार्केट में सेब की भारी कमी है। इसी से रेट में उछाल आया है। एएफसी फर्म पराला मंडी के आढ़ती और आढ़ती एसोसिएशन पराला के प्रधान अनूप ने बताया कि पराला मंडी में एकदम ताजा सेब आ रहा है। इससे भी देशभर के व्यापारी सीधे यहां पहुंच कर खरीद कर रहे हैं। शुक्रवार को भी बागवान प्रदीप लालटा का बेहतरीन सेब देखकर केरल, आंध्र प्रदेश और मदुरई के व्यापारियों ने बड़ी बोलियां लगाईं।