Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Sports: Twinkle and Kavya win bronze medal in North Zone Soft Tennis

खेल: नॉर्थ जोन सॉफ्ट टेनिस में ट्विंकल, काव्या को कांस्य पदक, शिमला में प्रो हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग

Mon, 16 Nov 2026 08:23 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, धरवाला (चंबा)/शिमला/मंडी।
अमर उजाला नेटवर्क, धरवाला (चंबा)/शिमला/मंडी। Published by: Krishan Singh Updated Mon, 16 Nov 2026 08:23 PM IST
सार

अस्मिता सॉफ्ट टेनिस लीग नॉर्थ जोन इंडिया के युगल मुकाबले में चंबा की ट्विंकल महाजन और शिमला की काव्या ने कांस्य पदक जीता। वहीं प्रो हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग (प्रो एचपीसीएल) के चौथे सीजन का शिमला में सोमवार को आगाज हुआ। 

विज्ञापन
Sports: Twinkle and Kavya win bronze medal in North Zone Soft Tennis
नॉर्थ जोन सॉफ्ट टेनिस में ट्विंकल, काव्या को कांस्य पदक - फोटो : संवाद

विस्तार

अस्मिता सॉफ्ट टेनिस लीग नॉर्थ जोन इंडिया के युगल मुकाबले में चंबा की ट्विंकल महाजन और शिमला की काव्या ने कांस्य पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने जम्मू-कश्मीर की टीम को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। 14 से 16 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों की टीमों ने भाग लिया। हिमाचल की खिलाड़ियों को इस उपलब्धि के लिए चार हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ट्विंकल और काव्या का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसका आयोजन अहमदाबाद में होगा। यहां दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी। कोच रविंद्र और हिमाचल प्रदेश सॉफ्ट टेनिस के अध्यक्ष नवीन मेहता ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विज्ञापन
Trending Videos

शिमला में प्रो हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग
वहीं प्रो हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग (प्रो एचपीसीएल) के चौथे सीजन का शिमला में सोमवार को आगाज हुआ। शिमला क्रिकेट ग्राउंड में प्रतियोगिता के शुभारंभ पर टीमों के बीच प्रदर्शनी मुकाबला खेला गया। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक बाबा हंसराज रघुवंशी की टीम ने नाटी किंग कुलदीप शर्मा की टीम को मात दी। मंगलवार से लीग के आधिकारिक मुकाबलों का रोमांच शुरू होगा। इस सीजन में 12 फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। प्रदर्शनी मुकाबले में हिमाचल के लोकप्रिय कलाकारों ने क्रिकेट के मैदान पर दमखम दिखाया। नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने सेलिब्रिटी-11 की कप्तानी की, जबकि भजन गायक बाबा हंसराज रघुवंशी फीट ऑफ फायर टीम की अगुवाई करते नजर आए। बाबा हंसराज की टीम ने 123 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट शेष रहते जीत दर्ज की। इस दौरान दर्शकों को मनोरंजन के साथ क्रिकेट का रोमांच भी देखने को मिला। इससे पहले रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में कुलदीप शर्मा और हनी नेगी ने प्रस्तुतियों से समां बांधा। समारोह का मुख्य आकर्षण लीग की सभी 12 फ्रेंचाइजी टीमों की आधिकारिक जर्सियों का अनावरण रहा। चौथे सीजन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लीग के आधिकारिक मुकाबले मंगलवार से शिमला क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होंगे। पहले दिन तीन मैच खेले जाएंगे। सुबह नौ बजे साइबरबेल्स टेक टाइटन्स और नाइट हॉक्स के बीच मुकाबला होगा। सुबह 11:30 बजे मंडी मार्वल्स और शिमला रॉयल्स आमने-सामने होंगे। वहीं, दोपहर दो बजे साइबरबेल्स टेक टाइटन्स का मुकाबला कैनविल्स टाइटन्स से होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

सिरमौर को टाईब्रेकर में 9-8 से हराकर ऊना फाइनल में
 सीनियर फुटबॉल चैंपियनशिप में ऊना ने फाइनल में जगह बना ली है। सोमवार को खेले रोमांचक सेमीफाइनल में ऊना ने सिरमौर को टाईब्रेकर में 9-8 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद टाईब्रेकर में ऊना ने बाजी मार ली। दूसरे सेमीफाइनल में साई कांगड़ा और जिला फुटबॉल एसोसिएशन कांगड़ा की टीमें आमने-सामने हैं। सोमवार को अंधेरा होने के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका। अब मंगलवार सुबह शेष करीब सात मिनट का खेल होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में ऊना से भिड़ेगी। इससे पहले कुल्लू और शिमला के बीच खेले मुकाबले में दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया। कुल्लू के सन्नी ने छठे मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक कुल्लू की टीम आगे रही, लेकिन दूसरे हाफ में 50वें मिनट में शिमला के अभिनव ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहने से मुकाबला ड्रॉ रहा। एक अन्य मुकाबले में सिरमौर ने मंडी को 2-0 से पराजित किया। सिरमौर ने शुरुआत से ही बेहतर खेल दिखाते हुए दो गोल दागे। वहीं, मंडी की टीम पूरे मैच में गोल करने के लिए संघर्ष करती रही, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। तीसरे मुकाबले में साई कांगड़ा ने हमीरपुर को 1-0 से हराया। साई कांगड़ा की टीम ने एक गोल की बढ़त बनाई, जिसे हमीरपुर की टीम बराबर नहीं कर सकी। मंडी बी टीम की ओर से उपायुक्त अपूर्व देवगन ने भी मैदान पर उतरकर खेला, हालांकि उनकी टीम को जीत नहीं मिली। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास ने बताया कि प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed