कसौली कांड में निलंबित एसपी बहाल, गृह विभाग ने जारी किए आदेश
प्रदेश सरकार ने कसौली कांड के दौरान निलंबित तत्कालीन एसपी सोलन मोहित चावला को एक महीने बाद बहाल कर दिया है। गृह विभाग ने शनिवार को उनकी बहाली के आदेश जारी कर दिए। खास बात यह है कि निलंबन के एक महीने बाद भी सरकार अब तक मोहित चावला को चार्जशीट तक नहीं दे सकी थी। इसी के चलते सरकार ने चावला का सस्पेंशन वापस ले लिया है।
कसौली कांड में मोहित चावला के निलंबन के बाद से आईपीएस कैडर में सरकार के प्रति जबरदस्त नाराजगी थी। दबी जुबान में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी यह कह रहे थे कि जब डीसी सोलन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद लापरवाही बरतते हुए 28 मई तक बैठक नहीं ली, तो सिर्फ एसपी पर ही अकेले कसौली कांड की गाज क्यों गिराई गई?
टीसीपी के लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
अब निलंबन वापस होने के बाद चर्चा है कि सरकार टीसीपी के अधिकारियों पर कार्रवाई कर सकती है। दरअसल, कसौली कांड के बाद हुई मंडलायुक्त जांच में यह बात सामने आई थी कि पुलिस कर्मियों ने हत्याकांड के बाद सही कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद यह बात भी सामने आई कि टीसीपी के अधिकारियों ने कई तरह की चूक की जिसके चलते ऐसे हालात बन गए। हालांकि उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश नहीं की गई थी।
लेकिन उस समय जनता के आक्रोश और रिपोर्ट को आधार बनाते हुए सरकार ने एसपी समेत 14 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। अब सरकार टीसीपी के लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई पर विचार कर रही है।