शिमला पहुंचीं सोनिया ने लिया हिमाचल कांग्रेस का फीडबैक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी ने शुक्रवार को राजधानी शिमला से सटे कुफरी स्थित होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में जिला शिमला के कांग्रेस अध्यक्ष केहर सिंह खाची से प्रदेश कांग्रेस का फीडबैक लिया।
चुनावी साल में जाने से पहले सोनिया गांधी ने शुक्रवार को दिन भर होटल में रहकर खाची से विस्तृत चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक सरकार और संगठन के आपसी तालमेल को लेकर भी सोनिया गांधी ने फीडबैक लिया। हिमाचल में साल 2017 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
ऐसे में शुक्रवार को केहर सिंह खाची से सोनिया गांधी द्वारा लिया गया फीडबैक बहुत महत्वपूर्ण है। सूत्रों ने बताया कि होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में सोनिया और केहर सिंह की काफी देर बातचीत हुई। हालांकि, खाची ने इस बाबत कुछ भी कहने से गुरेज किया। उन्होंने कहा सोनिया गांधी हिमाचल के निजी दौरे पर आई हैं।
अकेले ही मकान देखने पहुंचीं प्रियंका
उधर, शुक्रवार को प्रियंका गांधी वाड्रा अकेले ही छराबड़ा में निर्माणाधीन मकान को देखने गईं। प्रियंका सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक साइट पर रहीं। इस दौरान वास्तुकारों से किचन में कुछ तब्दीलियां करने को कहा।
इसके अलावा बीते साल मकान के आसपास लगाए गए सेब के पौधों की काटछांट को भी कहा। प्रियंका ने मकान के भीतर चल रहे लकड़ी के काम की भी जानकारी ली। सोनिया और प्रियंका का शनिवार को भी शिमला में ही रहने का प्रोग्राम है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वीरवार सुबह 11 बजे शिमला पहुंचीं थीं। होटल वाइल्ड फ्लॉवर हॉल में कुछ देर आराम करने के बाद सोनिया गांधी ने प्रियंका के निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया था।
हालांकि, प्रियंका होटल में ही आराम करती रहीं। राष्ट्रपति निवास रिट्रीट की बगल में पिछले आठ सालों से भवन निर्माण जारी है। मकान को पहाड़ी शैली में बनाया जा रहा है। मकान के आसपास विभिन्न किस्मों के पौधे रोपे गए हैं।