हिमाचल: नालागढ़ में नकली दवाइयों के नेटवर्क का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; एंटीबायोटिक और प्रेगाबालिन की खेप जब्त
नकली और अवैध दवाइयों के खिलाफ ड्रग कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोलन जिले के नालागढ़ के राजपुरा में अवैध दवा निर्माण और भंडारण के ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में नकली और अवैध दवाइयों के खिलाफ ड्रग कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोलन जिले के नालागढ़ के राजपुरा में अवैध दवा निर्माण और भंडारण के ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है। हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूपी एफडीए) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट, प्रेगाबालिन 300 एमजी के 6500 कैप्सूल और लगभग 100 किलोग्राम प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल बरामद कर जब्त की गई हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से विभाग को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
एफडीए को कुछ दवाइयां घटिया गुणवत्ता की मिली थीं
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश एफडीए को कुछ दवाइयां घटिया गुणवत्ता की मिली थीं। इनके नकली होने का भी संदेह था। जांच के दौरान इनके स्रोत के तार नालागढ़ के राजपुरा से जुड़े मिले। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के राज्य ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने ड्रग इंस्पेक्टरों की विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने राजपुरा स्थित एक भवन में छापा मारा तो वहां बिना वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के दवा निर्माण की तैयारी से जुड़ी मशीनरी, दवाइयां और पैकेजिंग सामग्री मिली। बरामद एल्युमिनियम फॉयल पर अन्य फार्मा कंपनियों के ब्रांड के नाम अंकित थे। इससे दूसरी कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां तैयार किए जाने की आशंका जताई गई है। दोनों आरोपियों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बद्दी के दो संदिग्ध ठिकानों पर भी जांच
कार्रवाई के दौरान यूपी एसटीएफ के साथ आए मुखबिर से बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में दो अन्य संदिग्ध ठिकानों की जानकारी मिली। इसके बाद मानपुरा के गुरुमाजरा और बद्दी में दो औद्योगिक इकाइयों की जांच की गई। जांच में गुरुमाजरा स्थित इकाई में खाद्य सामग्री से संबंधित गतिविधियां पाई गईं। यहां दवाइयों से जुड़ी कोई अनियमितता नहीं मिली। कंपनी के पास ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत लाइसेंस भी था। वहीं, सिक्का होटल के पास स्थित दूसरी इकाई के पास वैध होलसेल ड्रग लाइसेंस मिला। यहां दवाइयां भी पाई गईं। एहतियात के तौर पर उपलब्ध दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
प्रदेश में अवैध दवा निर्माण और नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। दवाइयों की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की गहन जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के स्रोत, निर्माण से जुड़े लोगों और दवाइयों की सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।-डॉ. मनीष कपूर, ड्रग कंट्रोलर, हिमाचल
