{"_id":"63afe401b03906023a7562be","slug":"snowfall-in-shimla-vehicles-cars-skid-on-snow-in-kufri-fagu-shimla-himachal-pradesh","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shimla News: हल्की बर्फबारी में ही दम तोड़ गए जिला प्रशासन के इंतजाम, कुफरी-फागू के बीच स्किड होते रहे वाहन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shimla News: हल्की बर्फबारी में ही दम तोड़ गए जिला प्रशासन के इंतजाम, कुफरी-फागू के बीच स्किड होते रहे वाहन
Sat, 31 Dec 2022 01:03 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला ब्यूरो, ठियोग/ शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, ठियोग/ शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sat, 31 Dec 2022 01:03 PM IST
सार
कुफरी और फागू के पास सड़क पर बर्फ जमने से काफी संख्या में गाड़ियां स्किड हुईं। सड़क पर न तो रेत रखी थी न ही मिट्टी डालने की कोई व्यवस्था की गई थी।
विज्ञापन
कुफरी और फागू के पास एनएच पर लगा जाम। दूसरी तरफ सड़क किनारे पार्क सैलानी वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा और हाटू पीक में शुक्रवार को दोपहर बाद फिर से हिमपात हुआ। लेकिन कुफरी और फागू के बीच हुई हल्की बर्फबारी में ही प्रशासन के इंतजाम करने के दावे दम तोड़ गए। वाहन बर्फ पर स्किड होते रहे हैं लेकिन वहां वाहनों को निकालने के लिए कोई नहीं था। लोग खुद ही धक्के देकर वाहनों को निकालते रहे। वाहनों के बर्फ पर स्किड होने से शिमला-रामपुर नेशनल हाइवे-05 पर दोपहर बाद लंबा जाम भी लग गया।
विज्ञापन
शाम करीब पांच बजे कुफरी और फागू के पास सड़क पर बर्फ जमने से काफी संख्या में गाड़ियां स्किड होनी शुरू हो गईं। इसके बाद सेब नियंत्रण कक्ष फागू से लेकर कुफरी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर न तो रेत रखी थी न ही मिट्टी डालने की कोई व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का भी कोई इंतजाम था।
विज्ञापन
घंटों जाम में फंसने के बाद ठियोग से शिमला की ओर आ रहे लोगों को फागू से ही वापस लौट कर भेखलटी से भलखू रोड से मशोबरा होते हुए शिमला पहुंचना पड़ा। इस सड़क पर भी जाम के कारण लोग परेशान हुए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात आठ बजे तक जाम लगा रहा। इसमें एचआरटीसी की आठ बसें जाम में फंसी हुई थीं।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद नहीं जागा प्रशासन
मौसम विभाग ने बर्फबारी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया था। दो दिन हिमपात और बारिश हो सकती है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से पुख्ता बंदोबस्त नहीं किए गए। जाम में फंसे राकेश शर्मा, दिनेश हेट्टा, वीरेंद्र चौहान, विवेक और अनिल ने बताया कि हर साल सर्दियों में फागू और कुफरी में यह समस्या पेश आती है। लेकिन इस समस्या का स्थायी हल नहीं तलाशा जा रहा।
पुलिस दिए हैं व्यवस्था बनाने के निर्देश
ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस को व्यवस्था बनाने के निर्देश दे दिए थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बात करूंगा।
अधिकारियों को दिए थे निर्देश : एसडीएम
एसडीएम ठियोग सौरभ जस्सल ने बताया कि बर्फबारी की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। सुनिश्चित किया जाएगा की बर्फ पर फिसलन से जाम की समस्या पेश न आए।